रोड जाम की चेतावनी पर हरकत में आया प्रशासन, आज कराएंगे वार्ता
सादुलशहर सिटी/आंचलिक| अबोहर-हनुमानगढ़ रोड के मध्य करड़वाला की रोही में भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की 60 क्यूसेक पानी क्षमता वाली केआरडब्ल्यू नहर पर निर्माणाधीन पुल को तीन फुट ऊंचा करने की मांग को लेकर किसानों ने मंगलवार को धरना लगा दिया। आक्रोशित धरनार्थियों ने शाम पांच बजे अबोहर-हनुमानगढ़ मार्ग के मध्य अवरोध लगाकर आवागमन ठप करने की घोषणा कर दी। सूचना पाकर शाम साढ़े सात बजे तहसीलदार प्रभजोत सिंह गिल अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और धरनार्थियों से समझाइश की। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि बुधवार को सुबह 11 बजे सिंचाई विभाग एवं निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को बुलाकर वार्ता करवाई जाएगी, ताकि समस्या का समाधान निकल सके। उधर, पालिका पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र खीचड़, जल उपयोक्ता समिति के अध्यक्ष महावीर झींझा, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सहारण ने आरोप लगाया कि कच्ची नहर को पक्का करने पर करीब दो फुट ऊंची हो जाएगी, जबकि पुल करीब एक फुट ऊपर उठाकर बनाया जा रहा है, जबकि कम से कम तीन फुट ऊंचा बनाया जाना चाहिए, ताकि मोघा नंबर 12 से 18 तक के किसानों को पूरा पानी मिल सके। धरनार्थियों ने चेतावनी दी है कि समाधान नहीं होने की स्थिति में मुख्य मार्ग पर बुधवार को आवागमन बंद करवा दिया जाएगा। धरना देने वालों में किसान नेता शिवप्रकारण सहारण, तरसेम सिंह बराड़, सतवीर सिंह सेखों, पवन खीचड़, हर्ष सहारण, कृष्ण खीचड़, देवीलाल झोरड़, इमीलाल सहारण, मोहनलाल सहारण, मंगत सहारण आदि शामिल थे।
हनुमानगढ़ थाने में मामला दर्ज