कहीं मुख्य लाइन पर कुंडी डालकर तो कहीं मीटर में लगी विशेष डिवाइस से बिजली चोरी। ऐसे ही 69 मामलों का खुलासा हुआ जब जोधपुर डिस्कॉम की ओर से पूरे स्पेशल विजिलेंस अभियान चलाया गया। शनिवार को अलसुबह शुरू हुए अभियान से बिजली चोरों में हड़कंप मचा रहा। उधर, टीमों ने पूरे दिन जांच कर जिले में 69 जगह बिजली चोरी के मामले पकड़ते हुए कुल दस लाख 90 हजार रुपए की जुर्माना राशि निर्धारित की। बिजली चोरी करने वालों के कनेक्शन काटकर एक सप्ताह के भीतर जुर्माना राशि जमा करवाने के निर्देश दिए गए। ऐसा नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की चेतावनी भी दी गई।
रावतसर में लगाया सबसे अधिक जुर्माना : विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बिजली चोरी पकड़ने के लिए पूरे जिले में जांच के लिए अगल-अलग टीमें बनाई गई थी। विशेष अभियान के दौरान हनुमानगढ़ जंक्शन पांच जगह बिजली चोरी पकड़ी गई और 50000 रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया। इसी तरह टाउन में आठ जगह से 175000 रुपए जुर्माना, हनुमानगढ़ ग्रामीण में छह जगह से 40000, पीलीबंगा में नौ जगह से 110000, गोलूवाला में एक जगह 20000, रावतसर में दो जगह से 212000, नोहर में दस जगह से 125000, गोगामेड़ी में सात जगह से 40000, भादरा में पांच जगह से 60000, संगरिया शहरी में दो जगह 40000, संगरिया ग्रामीण में चार जगह 53000, टिब्बी में चार जगह से 40000 की जुर्माना राशि तय की गई। इसके अलावा एईएन विजिलेंस ने पांच जगह से 90000 व एक्सईएन विजिलेंस टीम ने एक जगह से 35000 रुपए की जुर्माना राशि निर्धारित की।
जिला मुख्यालय पर मीटर में विशेष डिवाइस लगाकर हो रही थी चोरी : बिजली चोरी के अधिकांश मामले कुंडी लगाकर चोरी करने के मिले लेकिन टाउन में मीटर में डिवाइस लगाकर चोरी करने का मामला भी सामने आया। एईएन राकेश कुमार ने बताया कि बिजली चोरी करने के लिए मीटर को पीछे से काटकर एक डिवाइस फिट की गई थी। यह डिवाइस रिमोट से चलती है। बिजली के अधिक उपयोग के समय रिमोट से डिवाइस को एक्टिवेट कर मीटर बंद कर दिया जाता था। सामान्य उपयोग के समय मीटर चलता रहता था। जोधपुर डिस्कॉम एसई महेंद्र सिंह चारण ने बताया कि विशेष अभियान में 69 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इसमें दस लाख 90 हजार रुपए की जुर्माना राशि निर्धारित की गई है। एक सप्ताह के भीतर राशि जमा नहीं करवाने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।
जोधपुर डिस्कॉम का अभियान
एसई बोले-एक सप्ताह के अंदर राशि जमा नहीं कराने पर संबंधित पर दर्ज होगा मुकदमा
टाउन में जांच के बाद पकड़ में आई विशेष डिवाइस।