गोलूवाला| नए बस स्टैंड के लिए राह अब आसान हो गई है। गत दिवस रमाणा परिवार ने बस स्टैंड के लिए दान दी करोड़ों की भूमि का पंजीकरण रोडवेज निगम के नाम कर दिया। रजिस्ट्री प्रमाण पत्र शुक्रवार को नायब तहसीलदार श्यामसुंदर के नेतृत्व में रोडवेज चीफ के सुपुर्द किया गया। इस दौरान दानदाता परिवार के सुरजीत कौर रमाणा, मक्खनसिंह, जगवीरसिंह, बलदेवसिंह, रणजीत रमाणा, भाजपा किसान मोर्चा के देहात मंडल अध्यक्ष जयनारायण धतरवाल, हरपाल धतरवाल, रोडवेज निगम हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक कर्मसिंह चौहान, प्रबंधक सुरेशकुमार, सहायक यातायात निरीक्षक मनीषकुमार, जगजीतसिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। गत माह गोलूवाला में बस स्टैंड की गंभीर समस्या के मद्देनजर निवादान ग्राम पंचायत के जनसुनवाई शिविर के दौरान विधायक द्रोपती मेघवाल, निवादान सरपंच किरण जगा, जयनारायण धतरवाल, भाजपा बीएलए प्रभारी गिरधारी मक्कड़ की उपस्थिति में रमाणा परिवार ने जेआरके वितरिका के समीप मोड़ पर पौना बीघा जमीन दान स्वरूप देने की घोषणा की थी। घोषणा पत्र रोडवेज प्रबंधक को सौंपा था। इस जमीन की कीमत एक करोड़ से ऊपर है। इसकी रजिस्ट्री शुक्रवार को विभाग के सुपुर्द कर दी।