गोली मारकर हत्या के मामले में पकड़े दोनों आरोपी 20 अप्रैल तक रिमांड पर
हनुमानगढ़| टाउन धानमंडी में विजय बिश्नोई की हत्या मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश कर 20 अप्रैल तक रिमांड पर लिया है। वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद करने के लिए पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। वहीं इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीआई रामप्रताप बिश्नोई ने बताया कि दीपेंद्र उर्फ भीम पुत्र हनुमान सोनी निवासी वार्ड 31 टाउन व शेरू खान पुत्र रघुवीर खान निवासी वार्ड 32 टाउन से रिमांड अवधि में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विजय के कहने पर बलदेवसिंह ने दिपेंद्र सोनी और उसके दोस्तों को जेल के अंदर पीटा था। इसको लेकर भी चारों आरोपी विजय से रंजिश रखने लगे थे। वहीं गोलीकांड से पहले रहमत अली के साथ पांच हजार रुपए की लेनदेन को लेकर मारपीट की थी। इसके बाद आरोपियों ने उसे मारने की योजना बनाई और बाइक पर सवार होकर आए। उस समय विजय बिश्नोई टाउन धानमंडी में ताश खेल रहा था। तभी उसे गोली मारकर फरार हो गए थे। पुलिस अब इस मामले में शेष आरोपियों बिट्टू उर्फ जसपालसिंह सिरकीबंद, रहमत अली, अरूण सोनी आदि की तलाश कर रही है।
टाउन धानमंडी का मामला