मंत्री को बारदाना वितरण में मनमानी की शिकायत, एसडीएम ने ली बैठक
हनुमानगढ़| टाउन धानमंडी में बारदाना वितरण में मनमानी की शिकायत पर जलसंसाधन मंत्री के निर्देश पर एसडीएम ने रविवार को व्यापारियों की बैठक ली। फूडग्रेन मर्चेंट्स एसो. कार्यालय में हुई बैठक में गेहूं सीजन में व्यापारियों, किसानों व मजदूरों के समक्ष आ रही समस्या पर चर्चा की। फूडग्रेन अध्यक्ष आशीष हिसारिया ने बताया कि मंडी में सभी ब्लॉक वाइज व्यापारियों की कमेटी तय कर दी गई है। यह कमेटी बारदाना वितरण और लिफ्टिंग की समस्या पर नजर रखेगी। किसी तरह की समस्या होने पर इसका तत्काल निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम को धानमंडी में बारदाना को लेकर व्यापारी व किसान इकठ्ठे हो गए थे। इस बीच वहां से निकल रहे जलसंसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप भीड़ देखकर रूक गए। मंत्री के समक्ष कई लोगों ने बारदाना वितरण में मनमानी की शिकायत की तो उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए।