सूरतगढ़-भोजेवाला कच्चे रास्ते का सवा 5 करोड़ से होगा डामरीकरण
अब 10 से अधिक गांवों व चकों के 15 हजार से अधिक ग्रामीणों की राह आसान हो जाएगी। राज्य सरकार ने मिसिंग लिंक सड़क योजना के तहत सूरतगढ़ से गांव भोजेवाला तक 15 किलोमीटर कच्चे रास्ते को पक्का बनाने की स्वीकृति जारी कर दी है। इस पर सवा 5 करोड़ रुपए लागत आएगी। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार 17 अप्रैल को सड़क के टेंडर जारी कर 9 मई को खोले जाएंगे। जून में निर्माण शुरू हो जाएगा। सूरतगढ़-बीकानेर हाईवे 62 से जुड़ा कच्चा रास्ता पक्का (डामरीकरण) होने से आवागमन सुगम हो जाएगा। हाईवे 62 मेगा हाईवे हनुमानगढ़ से जुड़ जाएगा। सूरतगढ़ से गांवों की दूरी 30 से 50 किलोमीटर कम होने से ग्रामीणों को फायदा होगा। उल्लेखनीय है कि प्रभावित गांवों के लोग लंबे समय से सूरतगढ़-भोजेवाला गांव को जाने वाले कच्चे रास्ता को पक्का बनाने की मांग कर रहे थे।
राहत की खबर
10 से अिधक गांवों के 15 हजार लोगों को मिलेगी सुविधा, भास्कर ने उठाया था मुद्दा
सूरतगढ़ हाईवे सीधा हनुमानगढ़ मेगा हाईवे से जुड़ जाएगा
सूरतगढ़ से गांव भोजेवाला जाने वाला कच्चा रास्ता।
राज्य सरकार ने पीडब्ल्यूडी को बजट आबंटित कर दिया है। डामरीकरण सड़क बनने से गांव किशनपुरा, चक 2 केएसएम, भोजेवाला, 2 बीजेडब्ल्यूएम, सोमासर, कानौर, ठेठार, कालूसर, जैसा भट्ठी, ठुकराना, ऐटा व धन्नासर के ग्रामीणों को राहत मिलेगी, साथ ही थर्मल जाने-आने वाले कर्मचारियों व श्रमिकों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों को उक्त गांवों के लिए 45 किलोमीटर दूरी तय कर थर्मल के रास्ते आना-जाना पड़ता है। वहीं दूरस्थ गांवों के लोगों को 50-60 किलोमीटर की दूरी तय कर मंडी आना पड़ता है। सड़क बनने से गांवों की 25 से 30 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। सूरतगढ़ हाईवे सीधा हनुमानगढ़ मेगा हाईवे से जुड़ जाएगा।
ग्रामीण बोले- लंबी समय से कर रहे थे मांग, कच्चे रास्ते से थे परेशान
ग्रामीण राजेश भादू, सरपंच संदीप भाभू, रामकुमार जाखड़, पूर्णराम, श्रवण भादू व विकास ने बताया कि प्रभावित गांवों के लोग कच्चे रास्ते को पक्का बनाने की मांग लंबे समय से कर रहे थे। रास्ता कच्चा होने से उनको पैदल चलने व संसाधनों से आने-जाने में परेशानी होती थी। तहसील मुख्यालय व मंडी आने के लिए उनको थर्मल के रास्ते घूम कर नहीं आना पड़ेगा, वे कम समय व कम दूरी तय कर पक्के रास्ते से पैदल व वाहनों से आ-जा सकेंगे।
एक्सईएन बोले- जून में शुरू हो जाएगा सड़क का निर्माण
सूरतगढ़-भोजेवाला तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क की स्वीकृति आ चुकी है। कच्चे रास्ते का निरीक्षण कर लिया है। 17 अप्रैल को टेंडर जारी कर 9 मई तक प्रक्रिया पूरी की ली जाएगी। जून में मिसिंग लिंक डामरीकरण सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। सुशील बिश्नोई, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।