मीन मलमास आज खत्म, नवसंवत्सर का पहला सावा आखातीज पर 18 को
हनुमानगढ़। ग्रहों के राजा सूर्यदेव अपनी उच्च राशि मेष में 14 अप्रैल को सुबह 8:13 बजे प्रवेश करेंगे। इसी के साथ मीन मलमास समाप्त होगा और शुभ व मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। अभी तक सूर्य ग्रह के मीन राशि में प्रवेश करने के कारण मीन मलमास लगा हुआ था जो 14 मार्च से चल रहा था। मलमास के कारण 18 मार्च को शुरू हुए नए विक्रम संवत 2075 में अभी तक कोई शुभ व मांगलिक कार्य नहीं हो रहे हैं। नए विक्रम संवत का पहला सावा 18 अप्रैल को आखातीज से शुरू होगा। यह अबूझ सावा भी है। इसके बाद चार महीने यानी 21 जुलाई तक 23 सावों पर शहनाइयां गूंजेंगी। इस बीच 16 मई से 13 जून तक अधिक मास रहेगा। अधिक मास में विवाह आदि मांगलिक कार्य नहीं हो सकेंगे। 23 जुलाई से देवशयन होगा और लगभग चार माह यानी 19 नवंबर तक शुभ काम रुक जाएंगे।
ज्योतिषी पं. रविशंकर शर्मा के मुताबिक 17 अप्रैल को मध्य रात्रि को धनु राशि में मंगल के साथ युति बनेगी और शनि ग्रह वक्री हो जाएगा जो कि 7-8 सितंबर मध्य रात्रि तक वक्री ही रहेगा। इसका आमजन के साथ देश और दुनिया में भी गहरा प्रभाव दिखाई देगा।