श्री सैन महाराज की जयंती पर निकाली शोभायात्रा, प्रतिभाओं का सम्मान किया
हनुमानगढ़| सैन समाज समिति की ओर से समाज के आराध्य देव श्री सैन महाराज की 718वीं जयंती शुक्रवार को जंक्शन स्थित सैन धर्मशाला में समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश जाखड़ व सचिव महावीर प्रसाद ने सैन महाराज की पूजा करके किया। इसके पश्चात हवन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2016-17 में बोर्ड कक्षाओं, ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा राजकीय सेवाओं में चयनित व अन्य गतिविधियों में समाज का नाम रोशन करने वालों का भी सम्मान हुआ। समाज के वरिष्ठ जनों का भी पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। भजनों के माध्यम से सैन महाराज का गुणगान किया गया। इससे पूर्व सुबह समिति सदस्यों द्वारा शोभायात्रा निकाली गई जोकि टाउन स्थित राधास्वामी डेरे से शुरू होकर टाउन व जंक्शन के मुख्य मार्गों से होती हुई धर्मशाला में संपन्न हुई। शोभायात्रा में समाज के युवा ने बाइक व अन्य वाहनों के साथ शामिल हुए। आयोजन में चंद्रभान, भगवानाराम, कृष्ण गहलोत, ओमप्रकाश सैन, पृथ्वीराज, लीलूराम, नेमीचंद आदि ने सहयोग किया।