पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जंक्शन में 20 बीघा भूमि पर बनेगी होलसेल सब्जी मंडी, आरक्षित दर की 50% पर आवंटन की मिली मंजूरी

जंक्शन में 20 बीघा भूमि पर बनेगी होलसेल सब्जी मंडी, आरक्षित दर की 50% पर आवंटन की मिली मंजूरी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्वायत शासन विभाग ने जंक्शन में होलसेल सब्जी मंडी के लिए 20 बीघा भूमि आवंटन के लिए मंजूरी दे दी है। आंवटन आरक्षित दर की 50 फीसदी दर पर किया जाएगा। इसको लेकर गुरुवार को नगरपरिषद में आदेश पहुंचने के साथ ही होलसेल सब्जी मंडी विकसित होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

भूमि आवंटन से परिषद को दो करोड़ रुपए की आय होगी। अधिकारियों के मुताबिक जंक्शन में नवां फाटक के पास बाइपास पर करूणा कॉलेज के सामने होलसेल सब्जी मंडी के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इस भूमि को नगरपरिषद ने पहले आरक्षित दर की 50 प्रतिशत और बाद में बोर्ड में प्रस्ताव पारित कर निशुल्क आवंटन किए जाने के लिए स्वायत शासन विभाग को प्रपोजल भिजवाया था। इसके तहत सरकार ने भू-आवंटन नीति 2015 के बिंदु संख्या 9.3 के प्रावधानों के तहत नगरपरिषद को फल-सब्जी मंडी प्रांगण के लिए चक दो एनडब्ल्यूएन में 20 बीघा(60500 वर्गगज यानि 50604.08 वर्गमीटर) भूमि वर्तमान प्रचलित आरक्षित दर की 50 प्रतिशत दर एवं नियमानुसार अरबन असेसमेंट पर आवंटन किए जाने की स्वीकृति दे दी है। डीएलबी निदेशक एवं संयुक्त सचिव पवन अरोड़ा की ओर से जारी आदेश की कॉपी गुरुवार को नगरपरिषद कार्यालय में पहुंच गई।

गौरतलब है कि सब्जी मंडी के व्यापारियों ने जलसंसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप से होलसेल सब्जी मंडी के लिए भूमि आवंटन की मांग की थी। इसके बाद मंत्री ने तत्कालीन नगरपरिषद आयुक्त राकेश मेहंदीरत्ता को भूमि आवंटन का प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए थे।

शहर को फायदे- एक जगह हो जाएगी मंडी, ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधरेगी

एक जगह शिफ्ट होंगी टाउन-जंक्शन की सब्जी मंडी|जिला मुख्यालय पर टाउन-जंक्शन में दो थोक सब्जी मंडियां संचालित हैं और दोनों जगह अव्यवस्थाओं का आलम है। होलसेल सब्जी मंडी विकसित होने से इन दोनों सब्जी मंडियों को एक जगह शिफ्ट किया जा सकेगा।

आवारा पशुओं से मिलेगी निजात, ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधरेगी|भगतसिंह चौक के आसपास क्षेत्र में ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। वहीं सब्जी मंडी में बेसहारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। सब्जी बेचने आने वाले किसानों को भी परेशानी हो रही है।

सब्जी मंडी की भूमि पर बनाई जाएगी व्यवसायिक योजना|होलसेल सब्जी मंडी के लिए भूमि आवंटन के साथ ही जंक्शन में संगरिया रोड पर सब्जी मंडी की जगह मंडी समिति परिषद को हैंडओवर करेगी। इस जगह पर परिषद व्यवसायिक योजना बनाएगी। योजना के तहत यहां पर दुकानों का आवंटन किया जाएगा। इससे नगरपरिषद को करोड़ों रुपए की आय होगी।

लेखाधिकारी बोले- सरकार से मिली मंजूरी: नगर परिषद लेखाधिकारी राकेश मेहंदीरत्ता ने बताया कि होलसेल सब्जी मंडी के लिए आरक्षित दर की 50 प्रतिशत दर पर भूमि आवंटन के लिए सरकार ने मंजूरी दे दी है। स्वायत शासन विभाग की ओर से जारी आदेश की कॉपी परिषद को मिल गई है। 330 रुपए प्रति वर्गगज के हिसाब से आवंटन होने से परिषद को करीब दो करोड़ रुपए की आय होगी।

खबरें और भी हैं...