- Hindi News
- National
- परिवाद चोरी का पुलिस ने शांतिभंग में पाबंद कर छोड़ा, थाना में दो घंटे तक बैठाए रखा परिवादी को
परिवाद चोरी का पुलिस ने शांतिभंग में पाबंद कर छोड़ा, थाना में दो घंटे तक बैठाए रखा परिवादी को
हनुमानगढ़| टाउन की मेडिसिन मार्केट में बुधवार को दवा की दुकान में गल्ले से नगदी चुराने के मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित ने गुरुवार को सीएम, गृहमंत्री और एसपी को शिकायत की है। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज करने की बजाए शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया और एसडीएम ने आरोपियों को पाबंद कर जमानत पर छोड़ दिया। अग्रवाल डिस्ट्रीब्यूटर के संचालक सुनील अग्रवाल ने बताया कि उनकी दोनों फर्मों पर पिछले कई दिनों से गल्ले से रोजाना पांच सौ से हजार रुपए नगदी गायब हो रही थी। नगदी गिनकर गल्ले में रखने के बाद बैंक जमा कराने पहुंचते तो रोजाना नगदी कम मिलती। संदेह होने पर सेल्समैन घनश्याम व सुशील उर्फ लाला निवासी टाउन की तलाशी ली तो गल्ले की डुप्लीकेट चाबी मिली। वहीं जेब से पांच सौ और सौ-सौ रुपए के नोट मिले। इस पर टाउन पुलिस को सूचित करने पर एएसआई करतारसिंह मौके पर पहुंच दोनों को थाने ले जाकर शांतिभंग के आरोप में हवालात में बंद कर दिया। अग्रवाल ने बताया कि परिवादी होने के बाद भी उसे अपराधी की तरह दो घंटे तक थाने में बैठाए रखा और पुलिस अफसर उसे परिवाद वापिस लेने के दबाव के साथ यह कहते रहे कि चोरी का मामला बनता ही नहीं है। चोरी के आरोप में परिवाद देने के बाद भी पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर एसडीएम के समक्ष पेश कर पाबंद कराकर छोड़ दिया। सीआई रामप्रताप बिश्नोई से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।