- Hindi News
- National
- पट्टे की दरें अधिक इसलिए कम पहुंचे आवेदक, शिविर में नजर आया चुनावी माहौल, भाजपा कांग्रेस के पार्षद और प्रतिद्वंदी करते रहे मुद्दों पर बहस
पट्टे की दरें अधिक इसलिए कम पहुंचे आवेदक, शिविर में नजर आया चुनावी माहौल, भाजपा-कांग्रेस के पार्षद और प्रतिद्वंदी करते रहे मुद्दों पर बहस
कर्नाटक चुनाव परिणाम से लेकर राज्य और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करते पक्ष-विपक्ष के प्रतिनिधि। किसी मुद्दे पर गंभीर तो किसी मुद्दे पर लगते ठहाके। नगरपरिषद की ओर से बुधवार को टाउन की नई आबादी की गली नंबर 11 में लगाए गए पट्टा आवेदन शिविर में माहौल चुनावी नजर आया। पट्टे के बहाने लोगों के सामने सक्रिय नजर आने के लिए सभापति राजकुमार हिसारिया, मंत्री पुत्र अमित सहू और दोनों वार्डों के पार्षद और प्रतिद्वंदी मौजूद रहे। पट्टे के लिए निर्धारित दरें अधिक होने के कारण आवेदक कम पहुंचे तो विपक्षी पार्षद जहां सत्तापक्ष को दरें कम नहीं होने के कारण कोसते रहे। वहीं सत्तापक्ष के कार्यकर्ताओं ने विपक्षियों को जवाब देते हुए कहा कि कच्ची बस्तियों को डिनोटिफाई भाजपा सरकार ने किया है तो दरें कम भी कराएंगे। इसको लेकर डीएलबी को प्रस्ताव भिजवाया है। सत्तापक्ष की ओर से प्रेम बंसल, चिरंजीलाल सोनी और विपक्ष की ओर से पार्षद अनिल खीचड़ व मनोज सैनी सरकार और पार्टियों की कार्यशैली पर निशाना साधते नजर आए। वहीं आयुक्त राजेंद्र स्वामी, लेखाधिकारी राकेश मेहंदीरत्ता, एटीपी रामनिवास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी आवेदकों का इंतजार के बीच नेताओं की बातें सुनकर ठहाके लगाते रहे।
कुल खर्च की राशि लाखों में, इस कारण कम आ रहे आवेदन
नगरपरिषद ने शहर में 15 कच्ची बस्तियों को डिनोटिफाइड (अनाधिसूचित) किया है। इसके तहत संबंधित वार्डों में शिविर लगाकर पट्टों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। सालों से पट्टों का इंतजार कर रहे लोग पट्टे के लिए दरें अधिक होने के कारण आवेदन नहीं कर रहे हैं। संबंधित एरिया में एक हजार रुपए वर्गगज की दरें तय की गई हैं। इस हिसाब से अगर कोई व्यक्ति 30 गुणा 60 साइज के मकान का पट्टा बनवाता है तो उसे करीब दो लाख रुपए परिषद को देने होंगे।
आयुक्त बोले- दरें कम करने के लिए डीएलबी को भेजा प्रस्ताव
नप आयुक्त राजेंद्र स्वामी का कहना है कि कच्ची बस्तियों से डी-प्लान किए गए एरिया में पट्टे के लिए दरें कम करने के लिए डीएलबी को प्रस्ताव भिजवाया गया है। इस बीच नागरिक शिविरों में आवेदन लिए जा रहे हैं। दरें कम होने की मंजूरी मिलते ही आवेदकों को नई दर से पट्टे जारी किए जाएंगें।
नई खुंजा व नई आबादी सहित कई वार्डों के लोग कर सकते हैं आवेदन
टाउन के वार्ड 15 पंजाबी मोहल्ला, वार्ड 17 लोहिया कॉलोनी, वार्ड 23 भभूता सिद्ध कॉलोनी, वार्ड 25 व 26 नई आबादी, वार्ड 27, सेक्टर एक, दो व तीन टाउन, वार्ड 34 बरकत कॉलोनी, वार्ड तीन नई खुंजा, वार्ड एक, वार्ड छह, सात, आठ व वार्ड 43 की कच्ची बस्ती आदि एरिया के लोग पट्टे के लिए आवेदन कर सकेंगे।