- Hindi News
- National
- एफसीआई ठेकेदार और मजदूरों में विवाद: शाम तक रुका रहा गेहूं का उठाव, यातायात व्यवस्था गड़बड़ाई
एफसीआई ठेकेदार और मजदूरों में विवाद: शाम तक रुका रहा गेहूं का उठाव, यातायात व्यवस्था गड़बड़ाई
संगरिया| सरकारी खरीद के हो रहे उठाव में एफसीआई ठेकेदार और मजदूरों में गुरुवार को आपसी विवाद होने पर गेहूं उठाव नहीं हुआ। जिससे गुरुद्वारा रोड पर गेहूं से भरे ट्रकों की शाम तक लाइनें लगी रहीं। हालांकि शाम के बाद ठेकेदार ने अपने मजदूर लगाए तब जाकर मामला शांत हुआ। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी हुई और यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। तोला धानका मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष मुकेश और श्याम ने बताया कि गेहूं का उठाव एफसीआई ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है और जिसमें कटौती वजन को पूरा करने के लिए मजदूरों को परेशान किया जा रहा है। तुलाई कांटे में तौल के समय हो रही कटौती में वजन पूरा करने के लिए मजदूरों को गेहूं के थैलों को मंडी में से लाकर ट्रकों में डालने के लिए मजबूर किया जा रहा है। मजदूरों ने एक बार कटौती पूरी करने के लिए मना कर दिया और कहा कि वे ट्रकों में कटौती पूरी करने के लिए थैलों को मंडी में से लाकर ट्रकों में नहीं डालेंगे, जिससे कई देर तक मजदूरों और एफसीआई के ठेकेदार और अधिकारियों में बोलचाल होती रही। इससे ट्रक घंटों लाइनों में खड़े रहे और उठाव का काम रुका रहा। वहीं श्याम कुमार ने बताया कि एफसीआई द्वारा दो जगह तुलाई कांटों पर गेहूं को तौला जा रहा है। दोनों कांटों में तुलाई का अंतर आ रहा है, जिससे भी मजदूरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापार मंडल सचिव कुलदीप सहारण ने बताया कि शाम को ठेकेदार के द्वारा अपने मजदूर लगाकर यह विवाद सुलझाया गया।