फर्जी आईडी से भूखंड सौदे में 15 लाख की धोखाधड़ी मामले में दो और गिरफ्तार
हनुमानगढ़| जंक्शन पुलिस ने किसी और का भूखंड फर्जी आईडी से खुद की बताकर 15 लाख रुपए हड़पने के मामले में बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सुरेशिया चौकी प्रभारी एएसआई सुभाष बरोला ने बताया कि फर्जी आईडी से खुद को हसन खां बताने वाले मंजूर अली (27) पुत्र गुलजार अली निवासी सूरेवाला एंव प्रोपर्टी डीलर मंगतसिंह पुत्र महेंद्रसिंह रायसिख नादिरसिंह वाली ढ़ाणी सूरेवाला को गिरफ्तार किया है। वहीं मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी रमजान अली पुत्र वली मोहम्मद निवासी चक नब्बूवाला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस तीनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश करेगी। इस संबंध में गत 17 मार्च को सुभाष पुत्र लालचंद बेनीवाल निवासी वार्ड 42 सुरेशिया ने मामला दर्ज कराया था।