- Hindi News
- National
- जिले में पारदी गिरोह की आशंका, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे पर संदिग्धों से की पूछताछ
जिले में पारदी गिरोह की आशंका, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे पर संदिग्धों से की पूछताछ
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
जिले में पारदी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते पुलिस ने बुधवार सुबह जिलेभर के रेलवे स्टेशनों सहित बस अड्डों और धर्मशालाओं में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। साथ ही किसी भी व्यक्ति के संदिग्ध होने की आशंका पर पुलिस को सूचना देने के लिए पाबंद किया। सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित के अनुसार सोमवार को पदमपुर इलाके में हुई नकबजनी की वारदात और गत दिनों नोखा में हुई चोरी की वारदात का एक जैसा होना इस गिरोह की तरफ इशारा करता है। सीओ सिटी पुरोहित के अनुसार इस गिरोह के लोग ज्यादातर आबादी वाले इलाके से करीब 40-50 किलोमीटर दूर अपनी रिहायश बनाते हैं। इसके बाद यह लोग दिनभर रिहायशी इलाकों में वस्तुएं बेचने के बहाने घरों की रैकी कर जाते हैं। इसके बाद रात को घरों में लोगों के सोने के बाद वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार 12 मई की रात को नोखा जिले में दो बाइक सहित अन्य सामान और पदमपुर में एक बाइक व स्कूटी सहित सामान चोरी का तरीका वारदात एक जैसी होना पाया गया है।
रात को यदि कुछ संदेहास्पद होने का आभास हो तो पुलिस को दें सूचना : क्राइम एक्सपर्ट सीआई नरेंद्र पूनिया के अनुसार वारदात से बचने के लिए लोगों की जागरूकता अति आवश्यक है। पुलिस ने बताया कि रात को घरों के दरवाजे अच्छी तरह बंद कर सोएं और यदि संभव हो तो अंदर से लॉक भी लगा कर रखें। वाहनों को भी अच्छी तरह लॉक कर घर के अंदर ही रखें। यदि रात को किसी तरह की संदेहास्पद आवाज का आभास हो तो पुलिस कंट्रोल रूम 100 नंबर या 0154-2443055 सहित संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें।
दरवाजों पर तौलिया या साफा बांध करते हैं लॉक
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के लोग पांच-सात सदस्यों का गुट बनाकर एक स्थान पर वारदात करते हैं। रात को लोगों के सोने के बाद घर में प्रवेश करते हैं। जिस कमरे में लोग सो रहे होते हैं वहां दरवाजे के कुंडों में तौलिया या साफा बांधकर लॉक कर देते हैं। जिससे कुंडी लगने की आवाज ना हो। इसके बाद घर के अन्य स्थानों से सामान और वाहनों सहित अन्य वस्तुएं चोरी कर ले जाते हैं। यहां तक कि ये ग्रिल को भी उखाड़कर घर में प्रवेश कर जाते हैं। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह हनुमानगढ़ जिला सहित पंजाब में भी वारदात कर सकता है।