शनिवार शाम से धानमंडी में बंद गेहूं उठाव का काम सोमवार सुबह से फिर शुरू हो जाएगा। मजदूरों एवं ठेकेदार के मध्य पल्लेदार मजदूरी को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को थाना परिसर में थानाप्रभारी हंसराज लूणा की अध्यक्षता में व्यापारियों के ठेकेदार तथा मजदूरों की हुई वार्ता में पल्लेदार मजदूरी का विवाद सुलझ गया। अब ठेकेदार मजदूरी के अलावा पल्लेदार मजदूरी के नाम पर 12 पैसे प्रति क्विंटल अतिरिक्त मजदूरों को भुगतान करेगा। इससे पहले शनिवार से काम ठप करके बैठे वेयर हाउस मजदूरों ने रविवार को वेयर हाउस के बाहर धरना लगा दिया। मामला यहीं नहीं रुका। पल्लेदार मजदूरी की यहां के मजदूरों की मांग पर पीलीबंगा मे भी मजदूरों ने कार्य ठप कर दिया। इसके चलते वेयर हाउस मे अनलोडिंग के लिए गेहूं भरकर गए 16 ट्रक भी खाली नहीं होने से वेयर हाउस परिसर में ही अटक गए।
धानमंडी में आज शुरू हो जाएगा उठाव का काम
धरने पर बैठे मजदूरों का कहना था कि सभी मंडियों में ठेकेदार मजदूरी के अलावा पल्लेदार मजदूरी के नाम पर अतिरिक्त भुगतान करता है तो यहां क्यों नहीं। धरने पर ठेकेदार को मजदूर कोसते रहे। इस पर व्यापारियों का कहना था कि उठाव रुकने से धानमंडी में फिर समस्या पैदा हो गई। थाना परिसर में दो दौर की वार्ता में सहमति बन पाई। पहले मजदूरों ने व्यापारियों की बात को ठुकरा दिया था।
ये हुए वार्ता में शामिल
थाना परिसर में हुई वार्ता में व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्राज कड़वा, फैक्ट्री एसोसिएशन अध्यक्ष कृपालसिंह जाखड़, व्यापारी भीम निवाद, नरेन्द्र बिशू, सुनील बंसल, इंद्राज गोदारा, राजू सोनी, कामरेड मनीराम मेघवाल, कमला मेघवाल, शेरसिंह,जगदीश सारस्वत, मजदूर यूनियन के सुभाष चौरा, सहित अन्य लोग मौजूद थे।