पीलीबंगा| डीवाईएफआई की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को जिला अध्यक्ष बग्गा सिंह गिल की अध्यक्षता में कृषक विश्राम गृह में हुई। इसमें संगठन के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए जिले भर में सदस्यता अभियान चलाने व कमेटियों का गठन करने को लेकर तहसीलों में मीटिंग करनी तय की गई। इसके साथ जनवादी आंदोलनों में भाग लेने व किसान, मजदूर व नौजवान छात्रों की समस्याओं को लेकर संघर्ष को तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में महासचिव मोहन लोरा, श्याम दास, वेद मक्कासर, देवीलाल, रामप्रताप, विनोद कुमार वर्मा, सुनील शर्मा, दिनेश कुमार व राजकुमार निवाद सहित जिले भर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जहरीले पानी पर जलदाय विभाग का घेराव किया : बैठक के उपरांत डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने पंजाब से राजस्थान की नहरों में आ रहे विषैले पानी की रोकथाम के लिए जलदाय विभाग के चीफ केएल जाखड़ का घेराव कर प्रशासन को खूब खरी-खोटी सुनाते हुए नारेबाजी की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। कार्यकर्ताओं ने गंदे पानी की आवक को रोकने के लिए चीफ को ज्ञापन सौंपते हुए कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 26 मई को डीवाईएफआई व किसान सभा की तरफ से आमजन के साथ जलदाय विभाग के समक्ष प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा।