हनुमानगढ़| महात्मा गांधी नरेगा योजना में संविदा पर नियोजित कार्मिकों ने स्थाईकरण की मांग को लेकर मंगलवार को 21वें दिन जिला परिषद और पंचायत समिति मुख्यालयों पर धरना जारी रखा। पंचायतीराज से संबंधित अन्य संगठन भी अब संविदाकर्मियों के समर्थन में आगे आ रहे हैं। ग्राम विकास अधिकारी संघ की ओर से संविदाकर्मियों के पक्ष में सामूहिक अवकाश 23 मई तक जारी रखने की घोषणा की गई। उधर, मंत्रालयिक कार्मिक संघ ने सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर पानी की छबील लगाकर अांदोलन को समर्थन दिया और सरकार की संविदा नीति पर रोष प्रकट करते हुए संविदा कार्मिकों को स्थाई करने की मांग की।
मंत्रालयिक कार्मिक की ओर से 24 मई से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा कनिष्ठ तकनीकी सहायक संघ की ओर से भी अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष नरेश शर्मा, मंत्रालिक कार्मिक संघ जिलाध्यक्ष शीशपाल देहड़ू, ग्राम रोजगार संघ के जिलाध्यक्ष विजय ज्याणी, कंप्यूटर अॉपरेटर संघ के अध्यक्ष तेजपाल व समस्त संविदा कार्मिकों ने जिला परिषद पर धरना लगाकर स्थाई करने की मांग की।