जिला पुलिस जवाबदेही समिति की बैठक सोमवार को अध्यक्ष भीम सिंह राघव की अध्यक्षता में हुई। इसमें पीलीबंगा सीआई विष्णु खत्री के खिलाफ जांच से संतुष्ट नहीं होने पर स्टेट कमेटी को प्रस्ताव भेजकर जांच कराने का निर्णय लिया गया। समिति को मुखराम पुत्र ख्यालीराम जाति जाट निवासी 18 एसपीडी ने पीलीबंगा सीआई विष्णु खत्री के खिलाफ परिवाद दिया था जिसकी समिति ने एएसपी भादरा से जांच कराई थी। समिति सदस्यों का कहना है कि जिन बिंदुओं पर जांच की जानी थी उन बिंदुओं पर सही ढ़ंग से जांच नहीं की गई। सदस्यों ने कहा कि तथ्यों से लगता है कि कहीं ना कहीं इस मामले में सीआई दोषी है। ऐसे में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर इस मामले को राज्य स्तरीय कमेटी को भेजकर जांच कराने का निर्णय लिया ताकि परिवादी को न्याय मिल सके। सदस्यों ने कहा कि टाउन की शास्त्री वाटिका व पंडित दीनदयाल चौक के आसपास नशे की प्रवृत्ति के लोग बैठे रहते हैं। ऐसे लोग पार्क में घूमने वाले लोगों के साथ लूटपाट करते हैं व लड़ाई झगड़ा करते हैं। इस संबंध में शिकायत के बाद भी टाउन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने पर रोष जताया गया। इस पर समिति ने इस शिकायत को टाउन थाना सीआई को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर समिति सदस्य हंसराज कालवा, शैलेंद्र वर्मा, कृष्ण स्वामी, कांस्टेबल बिंदर कौर आदि मौजूद थे।
पुलिस जवाबदेही समिति की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा