भजनों से रातभर बाबा का गुणगान किया, सवामणि का भोग लगाया
हनुमानगढ़| जंक्शन स्थित श्री ईच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के 14वें वार्षिक महोत्सव के तहत बीती रात भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पंडित राकेश ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना कर इसकी शुरुआत की। गणेश वंदना के बाद तारानगर के पवन शर्मा ने बाबा के पांच भजन के साथ प्रस्तुतियां दी। देररात तक चले इस भजन कार्यक्रम में गायक कलाकारों ने विभिन्न राजस्थानी और हिंदी भजन सुनाकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पंडित गिरीराज शर्मा ने भजन गंगा का अमृत बरसाया तो शिव कुमार यादव ने भजनों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। मीनाक्षी एवं वंदना शर्मा ने मधुरवाणी से भजन सुनाए। अशोक व्यास ने रात्रि भोग के समय करमा बाई रो खीचड़ो भजन पेश किया। इसके अलावा कैलाश, जिम्मी नारंग आदि ने कई भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को रात तक बैठे रहने पर मजबूर कर दिया। वहीं हारमोनियम और ढोलक की जुगलबंदी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। तड़के चार बजे बाबा की आरती के साथ सवामणि का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया।