हनुमानगढ़| अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन राज्य कमेटी की बैठक भूरालाल स्वामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जंक्शन लाल चौक पर स्थित शहीद भगत सिंह यादगार केंद्र में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव व पूर्व विधायक पवन दुग्गल ने बताया कि यूनियन की ओर से वर्ष 2018 में एक लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। दुग्गल ने बताया कि मनरेगा में प्रति परिवार कम से कम सौ दिन का काम और 400 रुपए प्रति दिन मजदूरी देने, खाद्य सुरक्षा में चयनित परिवार को प्रति माह दो रुपए प्रति किलाेग्राम के हिसाब से 35 किलो गेहूं देने और भूमिहीनों को भूमि आबंटन की मांग को लेकर क्षेत्र में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिलाध्यक्ष मनीराम मेघवाल ने बताया कि वरिष्ठजनों को खेत मजदूर के रूप में पांच हजार रुपए प्रति माह पेंशन देने की मांग भी आंदोलन में शामिल होगी। बैठक में 14-15 जून को हनुमानगढ़ में राज्य सम्मेलन करवाने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन के पहले दिन जनसभा का निर्णय भी लिया गया। माकपा के जिला सचिव रघुवीर वर्मा ने बताया कि जनसभा को राष्ट्रीय अध्यक्ष वकार अरसू, महासचिव विजय राघवन, माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य सुभाषिनी अली सहित कई राष्ट्रीय स्तर के नेता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी तय की गई। बैठक में माकपा की राज्य सचिव कमेटी सदस्य रामेश्वर वर्मा, पालाराम, कमल मेघवाल, मनीराम मेघवाल, संदीप बाजीगर, रामरतन बगड़िया, बजरंगलाल, किशन पोटलिया, भागीरथ शर्मा, साह बहादुरसिंह चौहान, गुरपाल राम आदि ने भी विचार रखे।
सम्मेलन के पहले दिन जनसभा का अायोजन होगा