संगरिया विधायक कृष्ण कड़वा और सादुलशहर विधायक गुरजंट सिंह बराड़ ने सोमवार को संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री वसुंधराराजे को पत्र भेजकर नहरो में आ रहे रासायनयुक्त पानी के बारे में अवगत करवाया है। इसमें उल्लेख किया कि राजस्थान की नहरों में पंजाब क्षेत्र से इतना गंदा पानी बहकर आ रहा है कि पानी पीने लायक तो क्या नहरों के पास इंसान खड़ा भी नहीं रह सकता। न ही पानी सिंचाई योग्य है। इस पानी को तुरंत पंजाब से रुकवाया जाए, अन्यथा महामारी फैल सकती है। इसी कड़ी में दोनों विधायकों ने पंजाब के मुख्यमंत्री को भी इस समस्या बाबत अवगत करवाया है। इस मौके पर भाजपा जिलाउपाध्यक्ष राजीव सहू, रणजीत सिंह बराड, विनोद पूनियां आदि मौजूद थे।
आज करेंगे एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन व घेराव
कांग्रेस पीसीसी सदस्य व पूर्व विधायक महेंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि नहरों में आ रहे पंजाब से पानी के लिए आर-पार की लड़ाई राजस्थान सरकार से लड़ी जाएगी। मंगलवार सुबह नौ बजे हिसारिया धर्मशाला में सभी कांग्रेसी एकत्रित होंगे। उसके बाद दस बजे कांग्रेसी कार्यकर्ता और आमजन एकजुट एसडीएम कार्यालय पर सुबह दस बजे प्रदर्शन करेंगे और उनका घेराव कर पंजाब से आ रहे गंदे पानी की रोकथाम की पूर जोर मांग करेंगे। (खबर पेज 13 पर भी)