हनुमानगढ़| जेल में निरूद्ध महिला बंदीजनों तथा उनके रह रहे बच्चों हेतु विधिक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए नालसा द्वारा प्रेषित अभियान के तहत सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कारागृह में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजयप्रकाश सोनी, प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव आशा चौधरी, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट राधिकासिंह चारण व ग्राम न्यायालय न्यायाधिकारी सुमन चौधरी भी मौजूद रहे। विधिक जागरूकता टीम के सदस्य पैनल अधिवक्ता नरेंद्र वर्मा, जेल उपाधीक्षक युसुफ अली, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनीता शर्मा व एनजीओ के मुख्य संचालक महेंद्र शर्मा मौजूद रहे। इस मौके पर ज्ञानप्रकाश गुप्ता ने महिला बंदियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध करवाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने माननीय सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्णयों में उल्लेखित महिला बंदियों के अधिकारों के बारे में बताया। अन्य अधिकारियों ने जेल में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी। पूर्णकालिक सचिव ने महिला बंदी को पूर्व में दिए गए आवेदन पत्र पर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बंदी को बताया कि उसकी ओर से अधिवक्ता की नियुक्ति की जा चुकी है। टीम के अन्य सदस्यों ने विभिन्न विधिक जानकारियां दी।