पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हनुमानगढ़| क्षेत्र की नहरों में अा रहे प्रदूषित पानी से

हनुमानगढ़| क्षेत्र की नहरों में अा रहे प्रदूषित पानी से

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हनुमानगढ़| क्षेत्र की नहरों में अा रहे प्रदूषित पानी से हर वर्ग में रोष है। पीएचईडी ने पानी का भंडारण रोक दिया है वहीं प्रदूषित पानी से उठ रही दुर्गंध से लोग परेशान हैं। इससे जलीय जीवों की मौत हो रही है और कुछ जगह लोग जीवों को बचाने का प्रयास भी कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को समझते हुए सोमवार को विभिन्न संगठनों की ओर से कलेक्टर और जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे। इस सबके बीच जलसंसाधन विभाग ने पंजाब को लिखित में विरोध दर्ज करवाया है। मुख्य अभियंता केएल जाखड़ ने बताया कि पंजाब को पत्र लिखकर नहर में प्रदूषित पानी छोड़ने वाली फैक्ट्री के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की गई है। इसके अलावा राज्य सरकार के स्तर पर भी पत्राचार किया जा रहा है। बहरहाल ऐसा कहा जा रहा है कि नहरों में आ रहे पानी का उपयोग सिंचाई के लिए हो सकता है क्योंकि पीएचईडी ने भंडारण बंद किया हुआ है। कृषि उपनिदेशक जयनारायण बेनीवाल ने बताया कि अभी नरमा-कपास में सिंचाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदूषित पानी का सिंचाई में उपयोग होने के बारे जानकारी नहीं है लेकिन एकाध बार ऐसा पानी लगने से जमीन को नुकसान नहीं पहुंचता है। चूंकि नरमा-कपास खाद्यान्न नहीं है इसलिए आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत असर की भी आशंका नहीं है। उधर, पीएचईडी ने स्थानीय लैब में जांच के अलावा पानी के सैंपल जयपुर स्थित लेबोरेटरी में भी भिजवाए हैं। उम्मीद है कि इससे कोलीफॉर्म के अलावा पानी में खुले अन्य खतरनाक रसायनों की जानकारी भी मिल पाएगी। एक्सईएन मेजरसिंह ढिल्लो ने बताया कि पानी की कोलीफॉर्म संबंधी रिपोर्ट मंगलवार को मिलने की उम्मीद है। इसके बाद डिग्गियों में भंडारण को लेकर निर्णय लिया जाएगा। जयपुर की लेबोरेटरी की रिपोर्ट बाद में मिलेगी। विभाग के एईएन खुद पानी का सैंपल लेकर जयपुर गए हैं।

खबरें और भी हैं...