संगरिया| पंजाब से सादुल ब्रांच की नहरों में आ रहे केमिकलयुक्त और जहरीले पानी की समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। कस्बे में सोमवार को पूरे दिन लोगों ने अलग-अलग तरह से इस काले पानी पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया। कहीं धरना तो कहीं जाम लगाया गया तो कहीं प्रशासन और प्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किए। सबकी एक ही मांग थी कि इस अपशिष्ट पानी को रोका जाए। सुबह 11 बजे नाथवाना पुल पर सादुल ब्रांच में दूषित पानी के साथ जब मरे हुए जीव-जंतु आ रहे थे तो लोगों ने पुल पर आधे घंटे तक सांकेतिक जाम लगा दिया। लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ कड़ा रोष जताया और नारेबाजी की। लोगों ने नाथवाना-संगरिया से आने जाने वाले लोगों के लिए एक बार रास्ता जाम कर दिया और वहीं धरना लगाकर बैठ गए, जिससे पुल पर दोनों ओर वाहनों की लाइनें लग गईं। लोगों ने पुल पर धरना लगाकर प्रशासन को वहां आने और उनकी मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की मांग की। एसडीएम और सीआई ने लोगों को समझाइश की और कहा कि इस बारे में सारी रिपोर्ट बनाकर कलेक्टर को को भेजी जाएगी, जिस पर मामला शांत हुआ। तब रास्ता खोल दिया गया। इस दौरान किसान नेता प्रो.ओम जांगू, पूर्व पंचायत समिति प्रधान हरदीप सिंह शाहपीनी, संत बाबा हरदेव सिंह, साजन शाहपीनी, पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार, कांग्रेस पीसीसी सदस्य शबनम गोदारा आदि ने कहा कि पंजाब से आ रहे गंदे पानी को लोग पीने को मजबूर हैं। मौके पर सूचना पाकर एसडीएम अशोक कुमार और सीआई महेंद्रदत्त शर्मा व पुलिस जाब्ता पहुंचा। धरनार्थियों ने कहा कि इस समस्या का प्रशासन कोई ठोस हल निकाले अन्यथा लोग एकजुट होकर उग्र आंदोलन पर उतारू होंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान चीफ, पंजाब चीफ से बात कर इस समस्या को शीघ्र हल करवाएं। एसडीएम और सीआई ने लोगों को समझाया। उनका कहना था कि इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को भेजी जाएगी। तब जाकर लोग शांत हुए।
सरकार और प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए किया हवन
संगरिया. धरनार्थियों को जाम खोलने के लिए समझाइश करते हुए एसडीएम अशोक कुंमार और सीआई महेंद्रदत्त शर्मा व एसडीएम कार्यालय के सामने यज्ञ करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
वहीं उपखंड कार्यालय के सामने पूर्व उप जिला प्रमुख शबनम गोदारा की अगुवाई में नागरिकों, कांग्रेस पदाधिकारियों ने दोपहर 12 बजे के बाद सद्बुद्धि यज्ञ किया। शबनम गोदारा ने कहा कि पंजाब वर्षों से प्रदूषित पानी राजस्थान की नहरों में प्रवाहित कर रहा है। इस मसले को उन्होंने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सामने रखा हुआ है जहां लगातार सुनवाई भी हो रही है। हम राजस्थान के वाशिंदे हैं इसलिए हमें साफ पानी उत्तम स्वास्थ्य देना यहां की सरकार की जिम्मेवारी है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनिल भोबिया ने कहा कि लोग इस जहरीले पानी को पी कर मर रहे है एवं जिला प्रशासन को कोई मतलब नहीं है। नगर अध्यक्ष राजेश डोडा, ब्लॉक अध्यक्ष जसविंद्र सिंह बांदर, जिला महामंत्री ओमप्रकाश छाबड़ा, हंसराज वर्मा ने मांग करते हुए कहा कि कलेक्टर को पंजाब के उन जिला कलेक्टरों से वार्ता कर इस पानी को रोकना चाहिए। दोनों सरकारों के मुख्य सचिवों को इस गंभीर मुद्दे पर बात करनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यज्ञ कर वसुंधरा राजे एवं प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। इस दौरान वहां पहुंचे संगरिया उपखंडाधिकारी को गंदे पानी की बोतल दिखाते हुए शबनम गोदारा व अन्य ने कहा कि प्रशासन में अगर मानवता है तो वह इस पानी को पहले पी कर दिखाए ताकि वह इलाके के नागरिकों का दर्द समझें। इस मौके पर बार संघ अध्यक्ष छोटू राम बिश्नोई, पूर्व सरपंच महेंद्र भाकर व हरमीत बलजोत, एडवोकेट रविंद्र भोबिया, गुरविंदर सिंह, राजपाल, सुरेंद्र सूच, पार्षद अनिल भोबिया, जिला कांग्रेस के ओमप्रकाश छाबड़ा, सूरजभान भोबिया, हंसराज वर्मा, महेन्द्र बेनीवाल, मोहनलाल नुकेरा, जगसीर सिंह संतपुरा, बार संघ के पूर्व अध्यक्ष गुरलाल सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील बिश्नोई, सुभाष चंद्र छिंपा, नंदलाल, विनोद नावरिया, सुभाष चंद्र, राहुल गर्ग, अमरजीत सिंह संतपुरा, महेंद्र सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी व नागरिक शामिल हुए।
इधर युवाओं ने जलीय जीव बचाने का बीड़ा उठाया
संगरिया| नहर में आ रहे जहरीले पानी से मछलियां, कछुए, कैकड़े आदि जलीय जीव सैकड़ों की तादाद में मर रहे हैं, जिन्हे बचाने के लिए युवाओं ने बीड़ा उठाया है। युवाओं ने सुबह 3 घंटे व शाम को 2 घंटे इन जीवों को नहर से बाहर निकालकर गोशाला में बनी डिग्गी में सुरक्षित डाला। एडवोकेट प्रिंस मिढ़ा ने बताया कि पंजाब में स्थित फैक्ट्रियों, कारखानों द्वारा पानी में इतनी अधिक मात्रा में जहरीला कैमिकल प्रवाहित कर दिया गया है कि वह राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर जिलों से होता हुआ पूरे राजस्थान में फैल चुका है। इससे पानी में रहने वालें जीवों की स्थिति दयनीय हो गई है तथा वे तड़प-तड़प कर मर रहे हैं लेकिन युवा मुकेश सोनी, एडवोकेट प्रिंस मिड्ढ़ा, योगेश पालीवाल, महेंद्र कुमार, शिव कुमार, प्रवेश स्वामी, पार्षद गगन मिड्ढा, बलराम वर्मा, गणेश महोत्सव संस्था अध्यक्ष कृष्ण सोनी सहित कई युवा इन जलीय जीवों को बचाने में जुटे हैं।