शहर में सीवरेज कनेक्शन अब सरकार के खर्चे पर होंगे। आरयूआईडीपी ने नगरपरिषद के प्रपोजल पर सहमति जताते हुए सीवरेज कनेक्शन के लिए चार करोड़ 80 लाख रुपए देने पर सहमति जताई है। इसके लिए आरयूआईडीपी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने प्रपोजल स्वीकृत कर दिया है। नगरपरिषद को राशि स्वीकृत होने का पत्र मिल गया है। अधिकारियों के मुताबिक अब परिषद खुद के स्तर पर सीवरेज कनेक्शन करा सकेगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर लगाए जाएंगे। इससे सीवरेज कनेक्शन को लेकर लोगों के रुपए बचेंगे। वहीं सीवरेज कनेक्शन शत-प्रतिशत हो सकेंगे। गौरतलब है कि स्वायत शासन मंत्री के निर्देश पर नगरपरिषद ने इसको लेकर आरयूआईडीपी को प्रपोजल भिजवाया था।
आरयूआईडीपी ने किया प्रपोजल मंजूर, नगर परिषद को राशि स्वीकृति का पत्र मिला
नप और आमजन को इस तरह होगा फायदा
नगरपरिषद|शत-प्रतिशत कनेक्शन होने से गंदगी की समस्या कम होगी। परिषद को सफाई कार्य में आसानी होगी। वहीं सीवरेज पानी का ट्रीटमेंट शुरू हो सकेगा। सरकार के खर्च पर कनेक्शन की सुविधा मिलने से शहर में सभी मकान सीवरेज से जुड़ सकेंगे।
आमजन|अभी तक सीवरेज कनेक्शन के लिए नगरपरिषद को पांच सौ रुपए शुल्क देने के बाद लोगों को करीब चार-पांच हजार रुपए कनेक्शन के लिए खर्च करने पड़ रहे थे। यही कारण है कि लोगों में इसको लेकर रुझान कम रहा। अब सभी घरों में सीवरेज कनेक्शन हो सकेंगें।
12 सौ मीटर मिसिंग लिंक जोड़ने का काम अधर में
सीवरेज प्रोजेक्ट की हालत यह है कि टाउन में महज 12 सौ मीटर मिसिंग लिंक को जोड़ने और पंपिंग स्टेशन का काम पिछले डेढ़ साल से अटका पड़ा है। खास बात है कि टाउन क्षेत्र में सीवरेज का कार्य वर्ष 2012 में पूरा किया जाना था लेकिन साढ़े पांच साल बीतने के बाद भी अटका हुआ है। हालांकि आरयूआईडीपी अधिकारी अब कह रहे हैं कि सैकंड फेज के ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है। ऐेसे में मिसिंग लिंक जोड़ने सहित अन्य कार्य थर्ड फेज के ठेकेदार से कराए जाएंगें। जंक्शन में 6700 सीवरेज कनेक्शन का टारगेट के मुकाबले अभी तक करीब 32 सौ कनेक्शन हुए हैं। ऐसे में 35 सौ कनेक्शन किए जाने शेष है। वहीं टाउन में 45 सौ कनेक्शन किए जाने हैं। इस तरह से टाउन व जंक्शन में आठ हजार कनेक्शन किए जाने हैं।
आरयूआईडीपी एक्सईएन- नप कराएगी सीवरेज कनेक्शन
आरयूआईडीपी एक्सईएन भरत कुमार टेपन का कहना है कि मुख्यालय ने नगरपरिषद का प्रपोजल मंजूर करते हुए सहमति दे दी है। परिषद को चार करोड़ 80 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके बाद नगरपरिषद खुद के स्तर पर शहर में आठ हजार सीवरेज कनेक्शन करा सकेगी।
नप एईएन- आरयूआईडीपी से मिली स्वीकृति, जल्द ही टेंडर
एईएन सुभाष बंसल ने बताया कि आरयूआईडीपी की ओर से आठ हजार कनेक्शन के लिए चार करोड़ 80 लाख रुपए की स्वीकृति का पत्र मिला है। यह राशि दो किश्तों में हस्तांतरित होगी। 50 फीसदी राशि के साथ वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए प्रस्ताव भिजवाया गया था। परिषद अब खुद के स्तर पर शहर में सीवरेज कनेक्शन कराएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर लगाए जाएंगे।