बिश्नोई समाज के बारे में गलत टिप्पणी करने पर रोष, एसडीएम को ज्ञापन दिया
पीलीबंगा| बिश्नोई समाज के बारे में तथ्यात्मक रूप से गलत टिप्पणी करने एवं धार्मिक भावनाएं आहत से क्षुब्ध अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा ने शनिवार को एसडीएम डॉ.अवि गर्ग को एक ज्ञापन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की। ज्ञापन में महासभा के महासचिव विनोद कुमार धारणियां ने बताया कि 7 अप्रैल को सलमान खान को हिरण शिकार प्रकरण में एक न्यूज चैनल पर हुए डिबेट में कुनिका सदानंदलाल मुंबई द्वारा यह कहा गया कि बिश्नोई समाज खुद वन्य जीवों का शिकार करता है और समाज के लोग वन्य जीवों का मांस खाते हैं। जिससे बिश्नोई समाज की धार्मिक भावना आहत हुई है। ज्ञापन में महासभा ने एसडीएम से गोलूवाला थानाधिकारी को इस संबंध में एफआईआर दर्ज करने के लिए निर्देशित करने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में वेदप्रकाश धारणियां, निहालचंद खीचड़, रामेश्वरलाल धारणियां, सीताराम धत्तरवाल, राजाराम गोदारा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाष गोदारा, पार्षद देवीलाल सीगड़, कृष्ण पंवार, गोपाल गाट, रमन गोदारा व वेद गोदारा सहित समाज के अनेक शामिल थे।