- Hindi News
- National
- महात्मा गांधी नरेगा कार्मिक संघ ने की स्थाई नियुक्ति की मांग, ज्ञापन दिया
महात्मा गांधी नरेगा कार्मिक संघ ने की स्थाई नियुक्ति की मांग, ज्ञापन दिया
भास्कर संवाददाता| हनुमानगढ़
महात्मा गांधी नरेगा कार्मिक संघ के सदस्यों ने स्थाई नियुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सोमवार को कलेक्टर व जिला परिषद सीईओ को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल घनश्याम कड़वासरा ने बताया कि पंचायती राज विभाग द्वारा 2013 में निकाली गई कनिष्ठ लिपिक व एसएसआर भर्ती के समस्त पदों पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार कार्रवाई की मांग की गई। कड़वासरा ने बताया कि पंचायत राज विभाग द्वारा वर्ष 2013 में कनिष्ठ लिपिक के 19515 पदों एवं एसएसआर (राजस्थान अधीनस्थ सेवा) के 4915 विभिन्न पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बोनस विवाद का निर्णय सरकार व संविदा कार्मिकों में पक्ष में आ चुका है। इसके बाद भी कनिष्ठ लिपिक के पद पर 8943 अभ्यार्थियों को ही नियुक्ति दी गई है। शेष एलडीसी व एसएसआर पदों पर नियुक्ति नहीं दी जा रही है। संगठन सदस्यों ने कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 में विज्ञापित पदों में से शेष बचे समस्त रिक्त पदों पर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों व आरक्षण नियमों के तहत रोस्टर प्रणाली को पूर्ण करने हेतु भर्ती प्रक्रिया पुन: शुरु कर नियुक्ति दिए जाने की मांग की। इसके अलावा भर्ती के लिए आयु सीमा में संविदा कार्मिकों को छूट प्रदान करने, मनरेगा योजना के तहत कार्यरत कार्मिकों की कंप्यूटर संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। इस मौके पर विमल कुमार, ईश्वर बाघला , प्रवीण कुमार, राजू चाहर, राजरानी, दलीप कुमार, अजीत कुमार, पदमेश सिहाग आदि मौजूद थे।