पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • निर्धारित मात्रा से अधिक तुलाई पर विवाद: 9 घंटे तक खरीद का काम रहा ठप, दोपहर 3 बजे समझाइश के बाद शुरू हुआ

निर्धारित मात्रा से अधिक तुलाई पर विवाद: 9 घंटे तक खरीद का काम रहा ठप, दोपहर 3 बजे समझाइश के बाद शुरू हुआ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
किसान, मजदूर और व्यापारी के बीच निर्धारित मात्रा से अधिक तुलाई को लेकर विवाद होने से बुधवार को करीब 9 घंटे तक मंडी में खरीद का काम ठप रहा। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाने में परिवाद भी दिया। पुलिस ने मौके पर जांच की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। आखिर दोपहर तीन बजे तीनों पक्षों को बैठाकर समझौता करवाया और खरीद का काम शुरू हो पाया। जानकारी अनुसार बीती रात नई धान मंडी में व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष चांद रतन टांटिया की फर्म रामजीदास श्याम सुंदर टांटिया पर चक प्रताप नगर के किसान अमोलक सिंह खोसा और मजूदर विजय कुमार पुत्र मुंशी राम निवासी वार्ड 9 का तुलाई को लेकर विवाद हो गया। बुधवार को सभी मजदूर यूनियन के लोग हड़ताल पर चले गए। एफसीआई पल्लेदार यूनियन और तोला धानका यूनियन तथा अन्य मजदूरों ने नई धान मंडी में एकजुट होकर ऐलान कर दिया कि किसान ने एक मजदूर साथी के साथ मारपीट की है। ऐसे में उन्होंने रोष जताते हुए खरीद का काम ठप कर दिया।

यूनियन के लोगों ने कहा कि जब तक किसान पर कोई कार्रवाई नहीं होगी तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। मजदूर विजय कुमार के साथ यूनियन के लोगों ने पुलिस को किसान पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर परिवाद दिया। वहीं किसान अमोलक सिंह ने भी पुलिस को परिवाद दिया।

यह आई परेशानी: गेहूं की खरीद के ठप के दौरान किसानों और व्यापारियों को खासा परेशानी झेलनी पड़ी। व्यापारी अशोक सिंगला ने बताया कि व्यापरियों को परेशानी हुई वहीं किसानों को मजबूर निकट चौटाला हरियाणा मंडी में गेहूं बेचने के लिए जाना पड़ा। तुलाई बंद होने से खासा नुकसान हुआ।

पुलिस और व्यापार मंडल की मौजूदगी में हुआ समझौता

पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की मध्यस्थता से कई घंटों तक समझौता वार्ता हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। डीएसपी देवानंद और सीआई मोहर सिंह पूनियां, व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार जैन, किसान नेता ओम जांगू, तोला धानका यूनियन अध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, अशोक गुंर्जर, लालचंद खटक, रमेश बुमरा, एफसीआई पल्लेदार यूनियन अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव रामचंद्र, कोषाध्यक्ष श्योपत सिंह आदि की मौजूदगी में समझौता वार्ता हुई। इसमें तीन बजे समझौता हो गया। डीएसपी देवानंद और सीआई मोहर सिंह पूनियां ने बताया कि व्यापार मंडल प्रतिनिधि, मजदूर यूनियन और किसान को पुलिस थाना में बुलाकर किसान, मजदूर और व्यापारी को आपस में बैठाकर समझौता करवाया गया। सीसीटीवी कैमरे में सारे घटनाक्रम को बताया और स्थिति को स्पष्ट की गई। दोनों पक्षों में समझौता होकर मंडी क्षेत्र में खरीद शुरू का काम शुरू करवाया गया।

खबरें और भी हैं...