- Hindi News
- National
- कॉलेज बस में तेज रफ्तार लोक परिवहन ने मारी टक्कर 19 छात्राएं घायल, लोगों ने आगे आ अस्पताल पहुंचाया
कॉलेज बस में तेज रफ्तार लोक परिवहन ने मारी टक्कर 19 छात्राएं घायल, लोगों ने आगे आ अस्पताल पहुंचाया
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर
परशुराम जयंती के मौके को पदमपुर से श्रीगंगानगर भ्रमण के लिए छात्राओं की कॉलेज बस को लोक परिवहन की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार करीब 19 लोग घायल हो गए। इसमें स्कूल स्टाफ, बस ड्राइवर सहित छात्राएं शामिल थी। कॉलेज बस आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कॉलेज बस का ड्राइवर गंभीर है, जिसके चलते उसे रैफर किया गया है। मामले में कॉलेज स्टाफ जसवीरसिंह पुत्र चिमनलाल रामदासिया की शिकायत पर लोक परिवहन बस के चालक के खिलाफ चूनावढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में बुधवार शाम तक पुलिस ने किसी कि गिरफ्तारी नहीं की थी। जानकारी के अनुसार पदमपुर स्थित गुरमीत सिंह घनश्याम दास कॉलेज की एग्रीकल्चर, बीएड और एसटीसी की छात्राएं बुधवार सुबह भ्रमण के लिए श्रीगंगानगर पहुंची थी। यहां शहर में सीजीआर मॉल, अंधविद्यालय देखने के बाद कॉलेज स्टाफ छात्राओं को वाटर पार्क ले जा रहे थे। कॉलेज की बस जैसे ही नेतेवाला स्थित वाटर पार्क के पास पहुंची तो सामने सूरतगढ़ की तरफ से आ रही लोक परिवहन बस ने टक्कर मार दी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर नजदीक खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने नेशनल हाईवे ऑथोरिटी की एंबुलेंस सहित अन्य प्राइवेट साधनों से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं हादसे के बाद लोक परिवहन का चालक व परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। लोक सेवा बस की सवारियां सुरक्षित होने के कारण अन्य वाहनों से निकल गई।
भास्कर पड़ताल
कॉलेज बस में सवार स्टाफ जसवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि लोक परिवहन बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि पहले बस में टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे बनी दीवार को तोड़ डाला। यही नहीं इसके बाद टूटी दीवार पार करते हुए खेतों में जा घुसी। घटना के वक्त तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग दौड़े चले आए। घटना की जानकारी मिलने के बाद हालांकि प्रशासन और पुलिस समय पर मौका स्थल पर नहीं पहुंचे। इस दौरान पूर्व मंत्री गुरमीतसिंह कुन्नर जिला अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं का हाल जाना। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे।
श्रीगंगानगर। नेतेवाला के पास सड़क दुर्घटना में बस में फंसे ड्राइवर को निकालते लोग, इनसेट में घायल छात्राओं का जिला अस्पताल में इलाज करते चिकित्सा कर्मी।
सिटी हीरो
बुधवार दोपहर बाद करीब 1:30 बजे मैं अपनी जीप में सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर की तरफ आ रहा था। नेेतेवाला वाटर पार्क के पास लोग दौड़ते दिखे तो जीप रोकी। मौके पर गया तो पता चला वहां हादसा हुआ था। क्षतिग्रस्त कॉलेज बस में ड्राइवर बुरी तरह फंसा था और छात्राएं भी अंदर थीं। ज्यादातर लोग एंबुलेंस व पुलिस को सूचना देने में जुटे थे। मैंने इंतजार करने की बजाय लोगों की सहायता से मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था की। इसके बाद सबने मिलकर बुरी तरह फंसे ड्राइवर को सूझबूझ के साथ बस से बाहर निकाला। कॉलेज बस का अगला हिस्सा पिचक चुका था। साथ ही छात्राओं को बाहर लाया गया। एंबुलेंस के इंतजार की बजाय निजी वाहनों से ही सभी को अस्पताल ले जाया गया। (जैसा कि साधुवाली निवासी अमरसिंह बिश्नोई ने भास्कर को बताया। )
लोक परिवहन बस की रफ्तार इतनी कि टक्कर के बाद भी सड़क किनारे एक दीवार को तोड़ खेतों में जा घुसी, चालक व परिचालक फरार
एंबुलेंस के इंतजार की बजाय बुरी तरह फंसे ड्राइवर को लोगों के साथ मिल बाहर निकाला
9 छात्राएं अस्पताल में भर्ती, बाकी को मरहम पट्टी के बाद मिली छुट्टी
चूनावढ़ पुलिस थाना व जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कॉलेज के बस चालक बलजीत सिंह, स्टूडेंट इंद्रा, राजदीपकौर, सुमन, सुनीता, सुमन, संगरिया के नगराना की निवासी तनुजा, संगरिया मोड़ांवाली गांव निवासी सागरिका, दिव्यानी और कॉलेज स्टाफ रायसिंहनगर 32 एमएल निवासी विनोद व जसवीर सिंह पुत्र चिमनलाल रामदासिया को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं उरमन, हीना, अंजू, ज्योशना, मनप्रीतकौर, शुभदीपकौर, कैलाश व अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।