परशुराम जयंती में आहुतियां छोड़कर की विश्व कल्याण की कामना
सर्वब्राह्मण समाज ने बुधवार को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बड़ा मंदिर परिसर में मनाया। इस मौके पर मंत्रोच्चार के बीच विप्रजनों ने हवन में आहुतियां छोड़कर विश्व कल्याण की कामना की। भगवान की महाआरती के बाद जयकारे लगाए। इसके बाद कन्या भोज हुआ। इस मौके पर गो-पालन एवं पशुपालन संवर्धन बोर्ड उपाध्यक्ष संतोष जोशी भी जन्मोत्सव समारोह में शामिल हुए।
जन्मोत्सव पर भगवान परशुराम के मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। सुबह 9 बजे मंदिर में भगवान परशुराम को विशेष पूजन व महाभिषेक हुआ। पंडित ओमप्रकाश पुरोहित व सहयोगी आचार्यों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया। इसमें सामाजिक बंधुओं ने आहुतियां छोड़कर विश्व कल्याण, समृद्धि की कामना की। महाआरती के बाद विप्रजनों ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाए। शाम को विष्णु सहस्त्रनाम पाठ व सुंदरकांड पाठ किया। इस मौके पर समाज के पदाधिकारी व सदस्य शामिल थे।
हरदा। जन्मोत्सव पर भगवान परशुराम का पूजन करते विप्रजन। जन्मोत्सव समारोह में शामिल हुई महिलाएं।
शोभायात्रा की तैयारियां तेज, घर-घर दे रहे आमंत्रण
सर्व ब्राह्मण समाज भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर 22 अप्रैल को शहर में शोभायात्रा निकालेगा। समाज के पदाधिकारियों ने इसी तैयारियां तेज कर दी हैं। घर-घर दस्तक देकर सामाजिक बंधुओं को आमंत्रण दे रहे हैं। शोभायात्रा के मार्ग पर धर्म ध्वजा लगाई जा रहीं हैं। तोरण द्वार सजाए जा रहे हैं। इसके पहले 21 को टैलेंट शो का आयोजन किया जाएगा।