बच्चों के लिए संस्कार केंद्र और योग शाला खोलेंगे
कतिया समाज के बाहुल वाले क्षेत्रों में बच्चों के लिए संस्कार केंद्र व युवाओं के लिए योग व व्यायाम शाला शुरू की जाएगी। समाज के आराध्य महापुरुष आखाजी के विचार और उनकी तस्वीर समाज के हर घर में पहुंचाई जाएगी। यह बात आखाजी जयंती पर मंडी में हुए जन्मोत्सव व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में अनिल भवरे ने कही। उन्होंने आखाजी के सामाजिक विकास में दिया योगदान बताया। इस मौके पर खेल गतिविधियों के 185, फाग उत्सव के 16 व विवाह समिति के 35 तथा खेल व प्रतिभाओं समेत 250 से ज्यादा लोगों का सम्मान किया। अतिथियों ने कैलेंडर का विमोचन किया।
समाजसेवी रामदीन ढोके ने कहा, आखा अर्थात जो संपूर्ण है, ऐसे महापुरुष के जीवन व कर्मों से सीख लेकर हमें समाज विकास के लिए संगठित रूप से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा मुगलकाल में समाज को मूल जगहों से विस्थापित होना पड़ा। तब आखाजी भी छिदगांव के गंजाल के पास आकर रुके। जिन्होंने बिखरे लोगों को फिर से एकजुट कर धर्मांतरण से बचाया। वीपी काजवे ने कहा आजकल लोग अपने माता-पिता को भूल जाते हैं, ऐसे में महापुरुषों का संदेश, उनके चित्र हर घर पहुंचाने का संकल्प व जयंती उत्सव की पहल समाज को वैचारिक रुप से एकजुट करेगी।
भागीरथ गुजरभोज ने मातृ शक्ति से आह्वान किया कि वे घरेलू जिम्मेदारियों के बीच थोड़ा समय बच्चों को संस्कार देने के लिए जरूर निकालें। जिससे परिवार, समाज व राष्ट्र के लिए संस्कारित पीढ़ी तैयार हो सके। रामगोपाल आठनेरे ने युवाओं को अपनी ऊर्जा व समय लक्ष्य प्राप्ति के साथ समाज विकास में लगाने की बात कही। मनोज नागले ने कतिया गौरव परिवार द्वारा अंचल में लगातार बच्चों, महिलाओं, युवाओं के लिए की जा रही रचनात्मक पहल की प्रशंसा कर इसे बढ़ाने पर जोर दिया। रामबक्स सरवरे व जेके चोलकर ने वैचारिक आदान-प्रदान के लिए फाग उत्सव, सामूहिक विवाह सम्मेलन व खेलों के आयोजन को सार्थक पहल बताया। हर घर से सहयोग लेकर माह में एक दिन एक साथ सामूहिक भोजन की पहल का सुझाव दिया। महिलाओं के घरेलू विवाद सुलझाने की नई सोच नई चाह महिला मंडल की पहल और सामाजिक रचनात्मक सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी बढ़ती सक्रियता को अतिथियों ने भविष्य के लिए बेहतर संकेत बताया। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं व प्रतिभाओं का सम्मान हुआ। इस दौरान सुनील चौरे, एनपी पाटनकर, मुकेश मंडलेकर, किशनलाल भवरे, हुकुम बिल्लोरे, सुषमा बिल्लोरे, सुशीला नागराज, मनोरमा पाटनकर, अर्चना चौरसिया, मालती भैंसारे, ज्योति सेजकर आदि मौजूद रहे।
आखाजी जयंती उत्सव
कैलेंडर का विमोचन, फाग उत्सव, सामूहिक विवाह व खेल के विजेता हुए पुरस्कृत
हरदा। आखाजी जयंती पर कैलेंडर विमोचन व प्रतिभाओं का सम्मान करते अतिथि।