घर से दुकान जा रहे युवक पर गिरा मेन लाइन का तार
हरदा। इस तरह तार टूटकर बाइक में फंसा।
भास्कर संवाददाता | हरदा
बुधवार रात 8 बजे अपने घर से दुकान बाइक से जा रहे एक युवक पर नारायण टॉकीज चौराहे पर फरहत सराय के सामने मेन लाइन का तार एकदम से टूट कर गिर गया। इससे उसके दाहिने हाथ व पैर में चोट के निशान पड़ गए। गनीमत रही कि उसे ज्यादा कुछ नहीं हुआ। बीच शहर में हुई इस घटना के करीब 30 मिनट बाद विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तब तक आसपास के दुकानदार टूटे तार से राहगीरों को सुरक्षित बचाने के लिए खुद स्टापर लगाकर ट्रैफिक कंट्रोल करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वसीम पिता नासिर (25) जाट बोर्डिंग के पास किसी दुकान पर काम करता है। बुधवार रात 8 बजे वह बाइक क्रमांक एमपी 47 एमएफ 9005 से दुकान की ओर जा रहा था। बाइक पर आइसक्रीम रखने वाला थर्माकोल का डिब्बा भी रखा था। वह फरहत सराय के काेने के पास पहुंचा, तभी बिजली की सप्लाई का तार अचानक टूट कर गिर गया। जिससे वह अपना संतुलन खोकर गिर गया। टूटा तार गाड़ी में फंस गया। इससे नीचे गिरे वसीम को दाएं हाथ व पैर में चोटें आईं। आसपास के दुकानदार व राहगीरों ने उसे उठाकर सड़क के बाजू में खड़ा किया। वसीम ने बताया उसे बहुत ज्यादा चोट नहीं लगी है। तब तक मौके पर काफी भीड़ लग गई।
बाजार में भी खासी भीड़
आखातीज के कारण शादियों की रेलमपेल थी। कोई राहगीर या वाहन चालक टूटे तार की चपेट में न आए, इस कारण आसपास के दुकानदारों ने पास में रखे स्टापर को तार के पास रखा। कई लोग वहां से गुजरने वालों को टूट तार से दूर से निकलने की समझाइश देते देखे गए। इस संबंध में चर्चा के लिए बिजली कंपनी के डीजीएम अारके बब्बर को फोन लगाया, लेकिन मोबाइल आउट ऑफ कवरेज था।