सहकारी समिति कर्मचारी पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग
मप्र सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ की हरदा इकाई के पदाधिकारियों ने सोमवार को मंडी में शाम के समय समिति कर्मचारी से मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्टर एसपी को ज्ञापन दिया। पदाधिकारियों ने बताया सरकार के निर्देशानुसार समितियां समर्थन मूल्य पर खरीदी कर रही हैं। आए दिन संस्था के कर्मचारियों के साथ किसानों द्वारा अभद्रता कर मारपीट की जा रही है। इससे काम प्रभावित हो रहा है, जबकि समिति कम समय में ज्यादा से ज्यादा खरीदी करने की हर संभव कोशिश कर रही है। पदाधिकारियों ने बताया सोमवार शाम को नीमगांव खरीदी केंद्र पर संस्था प्रभारी पर तीन लोगों ने दबाव बनाने का प्रयास किया और मारपीट कर घायल कर दिया। ऐसे में समिति कर्मचारी सरकारी नियमानुसार खरीदी करने में परेशानी महसूस कर रहे हैं। समिति ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ऐसा न होने पर खरीदी बंद करने की चेतावनी दी। कलेक्टर व एसपी ने उचित कार्रवाई व सुरक्षा का विश्वास दिलाया।