- Hindi News
- National
- गोशाला में नेत्र शिविर, 226 की जांच, 84 का होगा ऑपरेशन, 65 को भेजा भोपाल
गोशाला में नेत्र शिविर, 226 की जांच, 84 का होगा ऑपरेशन, 65 को भेजा भोपाल
आईटीआई के पास मगरधा रोड पर स्थित श्री दयोदय पशुधन गोशाला में मंगलवार को निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 226 मरीजों का पंजीयन हुआ, सभी की जांच हुई। 84 को ऑपरेशन के योग्य पाया गया। 65 को अस्पताल के वाहन से निशुल्क भोपाल रवाना किया। इस मौके पर विधायक डॉ. आरके दोगने ने गोशाला में शेड बनाने 3 लाख रुपए देने की घोषणा की।
समिति से जुड़े ज्ञानेश चौबे ने बताया सेवासदन नेत्र चिकित्सालय भोपाल ने मंगलवार को गोशाला परिसर में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया। इसमें भोपाल से आए नेत्र रोग विशेषज्ञों ने 226 रोगियों की आंखों की अत्याधुनिक मशीनों से जांच की। इस दौरान 84 रोगियों को ऑपरेशन करने के लिए चिन्हित किया। श्री चौबे ने बताया शिविर समापन से पूर्व ही 65 रोगियों को सेवासदन के वाहन से भोपाल रवाना किया है। उन्होंने बताया भोपाल में इनका निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण होगा। इसके बाद सेवासदन के खर्च पर वापस घर लाकर छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया शिविर में ही चिन्हित ऑपरेशन से वंचित अन्य रोगियों को 17 मई को भोपाल रवाना किया जाएगा।
गोशाला में छांव के लिए बनेगा शेड
शिविर में आए विधायक दोगने ने गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान गायों को छांव में बांधने की जरूरत को देखते हुए उन्होंने विधायक निधि से 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। इससे पहले भी उन्होंने एक कक्ष निर्माण के लिए राशि दी थी। जिसका बीते माह लोकार्पण किया था। शिविर में समिति सदस्य, पदाधिकारी, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हरदा। शिविर में मरीजों की आंखों की जांच करते हुए डॉक्टर।