- Hindi News
- National
- जलसंकट बताने नपाध्यक्ष के घर पहुंचे शिक्षक नपाध्यक्ष बोले 8 दिन बाद मिलेगा भरपूर पानी
जलसंकट बताने नपाध्यक्ष के घर पहुंचे शिक्षक नपाध्यक्ष बोले 8 दिन बाद मिलेगा भरपूर पानी
लाला लाजपत राय वार्ड 17 के दर्जनों शिक्षक और कॉलोनी के अन्य रहवासी कॉलोनी में बोर बंद होने से गहराते जल संकट की समस्या बताने मंगलवार सुबह नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन के घर पहुंचे। परेशानी सुनने के बाद जैन ने वहां चल रहे नल कनेक्शन की जानकारी देते हुए 8 दिन बाद भरपूर पानी दिलाने का विश्वास दिलाया।
शिक्षक कॉलोनी निवासी बलराम बाथोले ने बताया कॉलोनी का बोर जल स्तर में गिरावट के बाद से बंद है। कॉलोनी में नपा रोज तीन टैंकर पानी भेज रही है, लेकिन गर्मी के सीजन में कॉलोनी की करीब 500 की आबादी के मान से यह नाकाफी है। पीएन चौरे ने कहा गर्मी में पानी की खपत बढ़ने से मांग बढ़ती है। यदि नपा इस क्षेत्र को टंकी से जोड़कर नलों के जरिए पानी सप्लाई करे तो काफी हद तक लोगों को इस समस्या से निजात मिल सकती है। आबिद अली ने कहा कॉलोनी में ज्यादातर लोग नौकरीपेशा हैं, ऐसे में सुबह सभी को काम पर जाने की भी जल्दी होती है। लेकिन इन दिनों गहरा रहे जल संकट से उनकी परेशानी बढ़ रही है, वहीं उनकी दिन चर्चा भी प्रभावित हो रही है। नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने उन्हें बताया कॉलोनी में बनी नई टंकी की पाइप लाइन को टंकी से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। यह काम पूरा होने में करीब एक सप्ताह लगेगा। इसके बाद हर घर को भरपूर पानी मिलने लगेगा। जैन ने विश्वास दिलाया यदि टैंकर से आपूर्ति पर्याप्त नहीं हो पा रही है तो इसकी संख्या बढ़ा दी जाएगी, जिससे लोगों काे पानी के लिए परेशानी न हो।