डोमनमऊ के पांच लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज
भास्कर संवाददाता| हरदा
कांकरिया सब स्टेशन में काम करने वाले बिजली कंपनी के एक ऑपरेटर के साथ डोमनमऊ के पांच लोगों ने सोमवार दोपहर में तीन बजे मारपीट की। पुलिस ने बताया सिवनीमालवा हाल मुकाम पाठक कॉलोनी निवासी नरेंद्र पिता जगदीश प्रसाद भामदरे कांकरिया में स्थित बिजली के सब स्टेशन में ऑपरेटर हैं। सोमवार दोपहर में हवा चलने के कारण बिजली स्वीप हो रही थी। इस कारण बिजली बार-बार बंद हो रही थी। इस दौरान डोमनमऊ निवासी दीपक विश्नोई ने फोन किया। घर में शादी होने का हवाला देते हुए जल्दी बिजली चालू करने को कहा। नरेंद्र ने कहा जल्द ही चालू हो जाएगी, उसी में लगा हूं। इस दौरान दीपक ने गालियां देना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कुछ देर बाद सब स्टेशन के सामने एक गाड़ी आकर रुकी। इसमें से उतरे दीपक विश्नोई ने पास आकर नरेंद्र को अपनी ओर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। तभी मनोज पिता मुरली, दीपक पिता शंकरलाल व राहुल ने भी मारपीट की। जिससे उसकी पीठ व हाथ में चोट आई। पुलिस ने बताया आरोपियों ने नरेंद्र को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर दीपक विश्नोई, गया प्रसाद, राहुल, मनोज, दीपक सभी निवासी डोमनमऊ के खिलाफ मारपीट, गाली गलौच व जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।