- Hindi News
- National
- डेहरिया में प्राइमरी स्कूल बनाने निकाली राशि,नहीं बना अतिरिक्त कक्ष,केस दर्ज
डेहरिया में प्राइमरी स्कूल बनाने निकाली राशि,नहीं बना अतिरिक्त कक्ष,केस दर्ज
टिमरनी की ग्राम पंचायत केली में सरकारी प्राइमरी स्कूल डेहरिया में एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण होना था। निर्माण के लिए पंचायत को 2.64 लाख रुपए दिए गए थे। निर्माण के लिए खाते में आई राशि सरपंच सचिव ने निकाल ली लेकिन निर्माण नहीं कराया। जिपं सीईओ ने मप्र पंचायतराज और ग्राम स्वराज अधिनियम के तहत वसूली के आदेश दिए।
जिला शिक्षा केंद्र ने डेहरिया में प्राइमरी स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 2.64 लाख रुपए मंजूर किए थे। निर्माण एजेंसी केली पंचायत थी। पंचायत को 13 मार्च 09 को पहली किस्त 1. 32 रुपए दी गई। 30 मार्च 12 को दूसरी किस्त के 50 हजार रुपए मिले। 50 हजार रुपए की एक और किस्त पंचायत को दी गई। तत्कालीन सरपंच गुटांग सिंह, सचिव जोधसिंह परते ने यह राशि निकाली, लेकिन निर्माण नहीं कराया। जिला शिक्षा केंद्र ने जिपं को शिकायत की। जिपं ने मप्र पंचायतराज व ग्राम स्वराज एक्ट की धाराओं के पूर्व सरपंच गुटांगसिंह,सचिव जोधसिंह परते,वर्तमान सरपंच संतराम और सचिव रामकृष्ण गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज किया। सभी को अपना पक्ष रखने बुलाया गया। पूर्व सरपंच सचिव नहीं पहुंचे। वर्तमान सरपंच संतराम ने बताया वह 2015 में चुने गए। सचिव ने बताया कि वह 2017 से प्रभार मे हैं। उनके कार्यकाल में खाते में निर्माण की राशि नहीं थी, न ही कोई ऐसा निर्माण शुरू हुआ। वर्तमान सरपंच और सचिव को केस से अलग किया गया और तत्कालीन सरपंच गुटांग सिंह और सचिव जोधासिंह परते से 2 लाख 9569 रुपए बराबर वसूली के आदेश दिए गए। दोनों को यह राशि 15 दिन में टिमरनी जनपद के खाते में जमा कराने के आदेश दिए। इससे पहले पिड़गांव की सरपंच रही कमला पटेल व सचिव रामदास गौर तथा डेबराबंदी के सरपंच साबूलाल सिलारे व पूर्व सचिव गुलाब से भी शाला भवन निर्माण की दुरुपयोग की राशि जमा कराने के आदेश दिए गए।