जिले के 30500 किसानों के खातों में ट्रांसफर होंगे 80.50 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत जिला स्तरीय किसान सम्मेलन मिडिल स्कूल में सोमवार दोपहर 12 बजे से हुआ। इसमें जिले के 30500 किसानों के खाते में 80.50 कराेड़ रुपए ट्रांसफर करने की जानकारी दी। आयोजन में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग आने वाले थे, जो किन्हीं कारणों से नहीं आ सके।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष भरतसिंह राजपूत ने कहा यह राशि बीते साल समर्थन मूल्य पर उपज बेचने वाले किसानों को 200 रुपए प्रति क्विंटल के मान से दी जाएगी। उन्होंने कहा किसानों की मेहनत से ही देश में प्रदेश का कृषि के क्षेत्र में मान बढ़ा है। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा सिंचाई का रकबा हर साल बढ़ रहा है। पीएम व सीएम किसानों की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस बार भी गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाया है। नहरों के लाइनिंग से ज्यादा सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। पीएम फसल बीमा योजना भी वरदान साबित होगी। नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा सरकार खेती का लाभ का धंधा बनाने के लिए हर संभव कवायद कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के 60 साल पर भाजपा के 15 साल को हर लिहाज से बेहतर और भारी बताया। उन्होंने श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा, डीडीएस एमपीएस चंद्रावत व अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित कर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
हरदा। सम्मेलन में मौजूद किसान।