स्टेडियम में 29 को गूंजेगी शहनाई लकी ड्रा में चुना जाएगा श्रेष्ठ जोड़ा
हरदा। बैठक में जानकारी देते नपा अध्यक्ष सुरेंद्र जैन।
भास्कर संवाददाता | हरदा
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 29 अप्रैल को नेहरू स्टेडियम में सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा। इसमें 100 से ज्यादा नवयुगल अग्नि को साक्षी मानकर एक-दूसरे का हाथ थामेंगे। इस मौके पर लकी ड्रा निकालकर श्रेष्ठ जोड़ा चुना जाएगा। जिसे रथ में बैठाकर आयोजन स्थल से विदाई दी जाएगी। यह निर्णय सोमवार को नगर पालिका में हुई विवाह समिति की बैठक में लिया।
सुबह 11 बजे से हुई बैठक में नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने समिति सदस्यों को कन्यादान का महत्व बताते हुए कहा यह सौभाग्य व पुण्य का काम है। इस आयोजन को हम सरकारी न मानते हुए अपनी बेटे व बेटियों के विवाह की तरह ही करेंगे। इसमें जनता को भी शामिल किया जाएगा। जिससे यह हम सबका आयोजन बने और सफल हो। समिति ने सभी को अलग-अलग कामों की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में पेयजल, टेंट, पंखे, बिछात, भोजन, सफाई, बैंड, घोड़े व अन्य सभी जरूरी कामों की सदस्यों को जिम्मेदारियां दी। समिति पदाधिकारियों ने बताया इस साल का आयोजन बीते साल से भी ज्यादा भव्य और गरिमामय होगा। जिससे सारे काम समय पर और व्यवस्थित हो सकें। बैठक में अध्यक्ष नीतेश बादर, उपाध्यक्ष लोकेश मराठा, सचिव सचिन सिंघई, सह सचिव सरगम जैन, कोषाध्यक्ष मुकेश पालीवाल व अन्य मौजूद रहे।