जिस आटे से पूडी बनाई थी उसमें निकले कीड़े, सैंपल और 30 किलो आटा जब्त
शहर के एक परिवार ने बुधवार को गोयल मिष्ठान भंडार से पूडी बनवाई थी, इसमें जिस आटे का उपयोग किया था उसमें कीड़े निकले। सोनी परिवार ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत की। मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी लौवंशी ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई। आटा जांच के लिए भेजा। शेष बचा 30 किलो आटा जब्त किया।
नगर में सोनी परिवार ने गोयल मिष्ठान भंडार से बुधवार को आर्डर पर कुछ पूडी बनवाई थी। होटल संचालक ने पूडी बनाकर संबंधित परिवार को उपलब्ध करा दी। भोजन से पहले जब पूडी देखी गई तो उन पर कीड़े दिखाई दिए। सोनी परिवार ने इसकी तुरंत थाने में शिकायत की। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी लौवंशी को बताया। पुलिस व खाद्य अधिकारी गोयल मिष्ठान भंडार पहुंचे। श्री लौवंशी ने बताया शिकायतकर्ता व पुलिस की मौजूदगी में निरीक्षण किया। जिस आटे से पूडी बनाई थी, उसमें ऊपर ही कीड़े दिखाई दे रहे थे। उन्होंने बताया दुकानदार ने अधिकारियों के सामने यह स्वीकार किया कि उसने इसी आटे से पूडी बनाकर सप्लाई की थी। अधिकारियों की टीम ने आटे का नमूना जांच के लिए जब्ती में लिया। वहीं शेष बचा 30 किलो आटा भी जब्त किया।