मूक पशुओं को पानी पिलाने हर गांव में सरकारी खर्च पर होंगे हौज के इंतजाम
जिला पंचायत की बैठक में पूर्व मंत्री ने रखा प्रस्ताव, सभी बाेले पास
भास्कर संवाददाता| हरदा
गर्मी में पारा उछलने के साथ ही जलस्तर में भी तेजी से गिरावट आने लगी है। गर्मी में पेयजल संकट भी गहराने लगा है। ऐसे में पशुओं के लिए भी पीने के पानी के इंतजाम की चिंता प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए। इसके लिए पंचायत व गांवों में सीमेंट की हौज रखना जरूरी है। यह बात पूर्व मंत्री कमल पटेल ने जिला पंचायत में हुई सामान्य सभा की बैठक में कही। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इसमें सहयोग लेने की बात कही। जरूरत पड़ने पर विधायक व सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया। जिला पंचायत ने इस आशय का प्रस्ताव पारित किया।
जिपं में सामान्य सभा की बैठक में श्री पटेल ने कहा इंसान पानी का संकट या जरूरत होने पर विरोध या मांग कर सकता है, लेकिन मूक प्राणी व पक्षी ऐसा नहीं कर पाते हैं। उनकी जरूरत को इंसान को ही समझना पड़ेगा। उन्होंने कहा पक्षियों के लिए लोग पेड पर सकोरे बांध रहे हैं। अन्न भी रख रहे हैं, यह इंसानियत की निशानी है। इसी प्रकार मूक पशुओं के लिए भी पानी के इंतजाम जरूरी हैं। उन्होंने हर पंचायत व गांवों में सीमेंट की हौज रखने की बात कही। इसके लिए जिला पंचायत में बजट की कमी होने पर सभी सदस्यों से राशि बतौर सहयोग लेने की बात कही। अधिक जरूरत होने पर जनप्रतिनिधियों से भी राशि दिलाने का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा वे इसकी जानकारी जुटा रहे हैं, एक जैसे आकार वाली सीमेंट की चौकोर या गोल सीमेंट की हौज की खरीदी टेंडर बुलाकर की जाएगी। जिससे पशुओं को सीमेंट की हौज में गर्मी के दौरान ठंडा पानी मिल सके। इन्हें भरने की जिम्मेदारी पंचायत या फिर आसपास के नागरिकों को दी जाएगी। सभी ने उनकी पहल की प्रशंसा कर सहयोग का विश्वास दिलाया।