शहर के खेड़ीपुरा निवासी एक किसान ने वर्ष 2000 में मांदला में जमीन खरीदी, लेकिन दूसरे किसान ने रिकार्ड में हेरफेर कर और बैंक अधिकारियों से मिलकर केसीसी का 60 हजार रुपए का ऋण ले लिया। पीड़ित किसान बैंक में केसीसी ऋण लेने पहुंचा तो इसका खुलासा हुआ। किसान ने एसपी राजेश कुमार सिंह से शिकायत की। इसमें उसने बैंक अधिकारियों व हेरफेर कर ऋण लेने वाले किसान के खिलाफ धोखाधड़ी की कार्रवाई किए जाने की मांग की। खेड़ीपुरा निवासी किसान हीरालाल पिता हरविशन प्रजापति ने बताया उसने मांदला निवासी किसान हुकुमचंद से वर्ष 2000 में 2.023 एकड़ जमीन खरीदी थी। राजस्व रिकार्ड में उनका नाम दर्ज है। लेकिन मांदला के ही किसान ओमप्रकाश 011 में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी जमीन पर केसीसी बनाकर 60 हजार रुपए का ऋण ले लिया। किसान ने इस मामले में बैंक अधिकारियों व किसान पर कार्रवाई की मांग की। एसपी सिंह ने कहा मामले में जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।