वीर आखाजी जयंती आज, प्रतिभाओं का होगा सम्मान
कतिया समाज बुधवार को अपने आराध्य महापुरुष आखाजी की जयंती मनाएगा। कार्यक्रम कृषि उपज मंडी परिसर में सुबह 9 बजे से होगा। समाज के वरिष्ठजन व वक्ता आखाजी के जीवन परिचय, समाज विकास में योगदान पर नई पीढ़ी को जानकारी देंगे।
बीते दिनों में आयोजित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों के विजेताओं, प्रतिभाओं व आदर्श माता को भी अतिथि पुरस्कृत करेंगे। आयोजन के सूत्रधार अनिल भवरे ने बताया सुबह 9 बजे आखाजी का पूजन होगा। उनके जीवन आदर्शों पर समाज के प्रबुद्धजन और वक्ता अपने विचार व्यक्त करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार आयोजन में समाज के सभी आयु वर्ग के युवा पुरुष, महिलाएं शामिल होंगे। संयोजक सुनील चौरे व हुकुम बिल्लोरे ने बताया सामाजिक कार्यक्रम में नई सोच नई चाह सखी महिला मंडल द्वारा भी मंडल के गठन के उद्देश्य बताए जाएंगे। महिलाओं को मंडल से जोड़ने के लिए चल रही प्रक्रिया व इसे अभियान बनाने के बारे में अपेक्षित सहयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। बताया जा रहा है कि सह संयोजक एनपी पाटनकर व मुकेश मंडलेकर ने बताया आयोजन में करीब 250 से ज्यादा लोगों का सम्मान होगा। सभी को प्रशस्ति पत्र, आखाजी के चित्र वाला कैलेंडर व स्मृति चिन्ह दिए जाएंगे।
इनका होगा सम्मान
कतिया गौरव परिवार ने होली पर फाग उत्सव का आयोजन किया था। इसमें हरदा व आसपास के कई गांवों की मंडलियों ने हिस्सा लिया। जलोदा के श्रीराम-जानकी मंदिर में सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें सक्रिय सहयोग देने वाले पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पारिवारिक दायित्वों के साथ सामाजिक विकास में महिलाओं की भूमिका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडी में आयोजित खेल गतिविधियों की विजेता बालिकाओं, महिलाओं व युवतियों व बुजुर्ग महिलाएं पुरस्कृत होंगी। समाज के आदर्श माता का भी सम्मान होगा। जिससे अन्य लोग उनसे प्रेरित होकर अपनी संतान की बेहतर परवरिश कर उन्हें अच्छे संस्कार देकर बेहतर नागरिक बना सकें।