शहर में 7 जगह, जिले में 16 स्थानों पर सामूहिक विवाह
हरदा। शादियों के चलते शहर के बाजार में रही खासी भीड़-भाड़।
भास्कर संवाददाता | हरदा
अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में बुधवार को शहर में 7 और जिले में 16 स्थानों पर सामूहिक विवाह समारोह होंगे। इसमें 500 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके अलावा गांवों में 150 से अधिक शादियां होंगी। विवाह के लिए बैंड, घोड़े, टेंट, धर्मशाला और पंडित सबकुछ बुक हैं। एक ही मुहूर्त में अधिक शादियां होने और जिन परिवार में विवाह कार्यक्रम अचानक तय हुए हैं, उन्हें अब सामान नहीं मिल पा रहा है। विवाह की खरीददारी के लिए शहर के कपड़ा, बर्तन, सराफा सहित अन्य बाजारों में खासी भी भीड़ रही। जोरदार ग्राहकी के चलते मुख्य बाजार घंटाघर पर वाहन रुक-रुक कर निकले। यातायात पुलिस को व्यवस्था बनाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बसों व ट्रेनें भी फुल रहीं। पंडित मुरलीधर व्यास के मुताबिक अबूझ मुहूर्त के चलते अक्षय तृतीया पर शादियां अधिक होती हैं।
कपड़ा, बर्तन और सराफा बाजार में रौनक
गेहूं, चना बिकने के बाद बाजार में रौनक बढ़ गई है। पिछले चार दिनों से कपड़ा, बर्तन व सराफा बाजार में अच्छी ग्राहकी है। सराफा व्यापारी राजू अग्रवाल के मुताबिक सोने के दाने, मंगल सूत्र, टॉप्स, पाइजेब की अच्छी ग्राहकी रही।
आंकड़े एक नजर में
150 से अधिक शादियां होंगी शहर में
500 से अधिक शादियां आसपास के गांवों में
22 से अधिक घोड़े शहर में
30 टेंट व्यवसायी शहर में