- Hindi News
- National
- हाईवे पर गिरे पेड़ से बचने के लिए ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, पिता और पुत्री की मौत, बड़ा भाई गंभीर
हाईवे पर गिरे पेड़ से बचने के लिए ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, पिता और पुत्री की मौत, बड़ा भाई गंभीर
भास्कर संवाददाता| हरदा/कांकरिया
होशंगाबाद-खंडवा स्टेट हाईवे पर कांकरिया के पास दोपहर में तेज हवा-आंधी के कारण गिरा पेड़ पिता-पुत्री की मौत का कारण बन गया। बुधवार रात 9:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने गिरे पेड़ से बचने के चक्कर में बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता-पुत्री की मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। चार वर्षीय बालिका को चोट नहीं आई है। टक्कर के बाद ट्रक भी हाईवे किनारे पलट गया और चालक फरार हो गया।
पुलिस ने बताया खामापड़वा बम्हनगांव निवासी संतोष पिता गजराजसिंह (40), भाई राजेश सिंह (30) खंडवा जिले के बाेरगांव ससुराल में रह रही पुत्री तनू (5) व छोटी (4) को लेने गए थे। वापस लौटते समय कांकरिया के पास उनकी बाइक क्रमांक एमपी 47 एमसी 3122 के सामने अचानक हाईवे पर गिरा पेड़ आ गया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 04 जीबी 2286 ने पेड़ से बचने के फेर में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक हाईवे किनारे पलट गया। दुर्घटना में राजेश व उसकी पांच वर्षीय पुत्री तनू की मौके पर ही मौत हो गई। घायल संतोष को सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। बेटी छोटी को चोटें नहीं आई है।
6 घंटे में हाईवे से नहीं हटा पेड़, बना मौत का कारण
होशंगाबाद-खंडवा स्टेट हाईवे दोपहर 3:30 बजे तेज हवा आंधी की वजह से पेड़ गिर गया। प्रशासन ने पेड़ को हटाने के कोई प्रयास नहीं किए। इस कारण हादसा हुआ। इस वजह से पिता-पुत्री की मौत हो गई।
कांकरिया। दुर्घटना के बाद हाईवे किनारे पलटा ट्रक।