पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बेमौसम हुई बारिश से खरीदी केंद्रों पर खुले में पड़ा 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं व 5000 टन चना भीगा

बेमौसम हुई बारिश से खरीदी केंद्रों पर खुले में पड़ा 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं व 5000 टन चना भीगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में बुधवार दोपहर को बेमौसम बारिश किसानों के लिए आफत लेकर आई। किसानों का मंडी में पड़ा गेहूं और चना भीग गया। सुबह से छाए बादल कहीं झमाझम तो कहीं रिमझिम बरसे। इस कारण सरकारी केंद्रों पर खुले में पड़ा 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं व 5000 टन चना बारिश में भीग गया। जिले के हरदा, टिमरनी, खिरकिया, सिराली, रहटगांव, हंडिया में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के दौरान दो स्थानों पर बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक जिले में अब तक 20 केंद्रों पर गेहूं की खरीदी बंद हो चुकी है। 68 केंद्रों पर खरीदी चल रही है। अब तक जिले के 32329 किसानों से 3.84 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। इसमें से 3.74 लाख मीट्रिक टन गेहूं गोदामों तक पहुंचा दिया है। केंद्रों पर खुले में पड़ा 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं दोपहर में हुई बारिश के गीला हो गया। 13800 किसानों से 40 हजार टन चना खरीदा जा चुका है। इसमें से केंद्रों पर खुले में रखा 5 हजार टन चना बारिश से तरबतर हो गया। इसके खराब होने की आशंका है। अधिकारिक जानकारी के मुताबिक 20 मई तक किसानों से गेहूं खरीदा जाएगा। इसके अलावा बारिश को देखते हुए 30 मई तक चना खरीदी पूरा करने का प्रयास किए जा रहे हैं। सहायक आयुक्त सहकारी संस्था छविकांत बाघमारे ने कहा समिति प्रबंधकों को गेहूं को तिरपाल से ढंकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा किसान भी केंद्रों पर आते समय ट्रॉली को तिरपाल से ढांककर लाएं, ताकि बारिश होने पर गेहूं भीगने से बच सकें।

आठ दिनों से परिवहन नहीं होने से भीगा गेहूं-चना कांकरियां में पेड़ गिरने से आधे घंटे लगा रहा जाम

सिराली। मंडी में रखा गेहूं बारिश में भीगा।

सिराली| बुधवार दोपहर 3 बजे तेज हवा के साथ हुई बेमौसम बारिश के कारण समर्थन मूल्य पर खरीदा गेहूं व चना भीग गया। सिराली में तीन समिति केंद्रों पर परिवहन नहीं होने से खुले में रखा 22 हजार क्विंटल गेहूं और 7 हजार क्विंटल चना भीग गया। इस कारण करीब 7.48 करोड़ का गेहूं व चना भीगने से उपज के खराब होने की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार 15 मिनट की बारिश के सहकारी समिति सिराली के केंद्र पर खुले में रखा 11 हजार क्विंटल गेहूं व 7 हजार क्विंटल चना भीग गया। इसके अलावा रहटाकलां केंद्र पर 7 हजार क्विंटल गेहूं और सोमगांव केंद्र पर 4 हजार क्विंटल गेहूं भीग गया। बारिश के कारण 4 करोड़ 40 लाख का गेहूं और 3.8 करोड़ का चना गीला होने से खराब होने की नौबत आ गई। वहीं केंद्र पर 200 ट्रॉली लेकर किसान मौजूद रहे।

सिराली समिति प्रबंधक किशोर सिंह ने बताया पिछले 8 दिनों से सिराली समिति से उपज का परिवहन नहीं किया है। कई बार नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी को लिखित व मौखिक रूप से सूचना भी दी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसी का नतीजा है कि बारिश आने पर गेहूं और चना भीग गया। वहीं किसान रामनिवास खोरे ने बताया किसान खून पसीना एक कर उपज पैदा कर रहा है और मंडी में खरीदी नहीं होने से उनकी उपज गीली होकर बर्बाद हो रही है। प्रशासन सोया हुआ है।

धुरगाड़ा में खेत में मोबाइल पर बात कर रहे किसान, रहटाकलां में पेड़ के नीचे खड़े मजदूर पर बिजली गिरी, दोनों की मौत

भा. संवाददाता| डगावाशंकर/सिराली

बुधवार को आंधी और बारिश आफत लेकर आई। इस दौरान दो लोगों पर बिजली गिर गई। इससे दोनों की मौत हो गई। किसान खेत में मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी हादसा हो गया। वहीं खेत में पेड़ के नीचे खड़े मजदूर पर भी बिजली गिर गई। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार धुरगाड़ा निवासी किसान रूप सिंह राजपूत (50) बुधवार को खेत में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान दोपहर 3.15 बजे आंधी शुरू होने के बाद बारिश की स्थिति बनी तो रूपसिंह पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसके बाद पास ही टपरी में रहने वाले मजदूर ने बुलाया। तभी वे परिजनों से मोबाइल पर बात करने लगे। इसी दौरान किसान पर बिजली गिर गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन रूप सिंह को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां पीएम किया।

इसी तरह खेत में काम करने गए रहटाकलां निवासी मजदूर सुखराम पिता मोतीराम कोरकू (40) पर भी बिजली गिर गई। वह ग्रामीण रेवाराम बोरदया के खेत में काम करने गया था, तभी बारिश शुरू होने पर नीम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी सुखराम पर बिजली गिर गई। इससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बरसात बंद होने पर खेत मालिक रेवाराम खेत देखने गया जो उसको सुखराम मृत अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस को डायल 100 पर सूचना दी। पंचनामा बनाया, खिरकिया में पीएम हुआ। तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान ने बताया मृतक की प|ी को शासन से मिलने वाली योजना का लाभ दिया जाएगा।

डगावाशंकर। गांव में आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश।

खबरें और भी हैं...