हरदा| जीवन में किसी भी काम को करने के लिए समय का प्रबंधन बहुत जरूरी है। विद्यार्थी जीवन में जो व्यक्ति समय का प्रबंधन और महत्व समझ लेता है, वह मनचाहा लक्ष्य भी हासिल कर लेता है। यह बात विधायक डॉ. आरके दोगने ने कही। वे रविवार को ज्ञानगंगा हायर सेकंडरी स्कूल में आयोजित मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित में बोल रहे थे। उन्होंने कहा किसी भी लक्ष्य को हासिल तभी किया जा सकता है जब हम उसके लिए एक समय तय कर लेते हैं। इसके बाद लक्ष्य हासिल करने के लिए परिश्रम करना होता है। प्रख्यात व्यंग्यकार अजातशत्रु ने कहा आज जिन बच्चों का सम्मान हो रहा है उन्होंने नींद भूख प्यास से बेपरवाह होकर कठोर परिश्रम किया, तब वे मेरिट में आए। अन्य विद्यार्थियों को इनसे प्रेरणा लेना चाहिए, जिससे आने वाले कल में उनका भी सम्मान हो। वे भी संस्था, समाज, परिवार व शहर का गौरव बनें। संस्था प्राचार्य अर्जुन सिंह चौहान ने बताया विज्ञान संकाय में सनी संतोष ने 94.8 फीसदी अंक लेकर जिला मेरिट में पहला व प्रदेश की मेरिट में 1 वां स्थान पाया। कामर्स में आरती चेतनदास गुर्जर 92 प्रतिशत अंक लेकर जिला मेरिट में प्रथम व प्रदेश की सूची में 15वें स्थान पर रहीं। 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक पाने वाले 15 अन्य विद्यार्थियों का अतिथियों ने सम्मान किया। इस दौरान बबीता चौहान, सुलेखा शर्मा, ममता मिश्रा आदि मौजूद रहे।