यदि आपका कोई यात्रा का प्लान है तो ठहरिए, आज से बसों की हड़ताल रहेंगी। इसके चलते अाज आप यात्रा शुरू करने से पहले ही स्थगित कर दें। क्योंकि किराया वृद्धि की मांग को लेकर जिले की 160 निजी बसें सोमवार से हड़ताल रहेंगी।
बस किराए में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग को लेकर मप्र बस आॅनर एसोसिएशन के आह्वान पर आज से जिले की बसों के पहिए थम जाएंगे। जानकारी के मुताबिक शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 160 बसें चलती हैं। इसमें सबसे अधिक 50 बसें हरदा-इंदौर रूट की हैं। इसके अलावा खंडवा, भोपाल, देवास, सीहोर, होशंगाबाद रूट की बसें भी हैं। इन बसों में 24 घंटों में 8 हजार से अधिक यात्री रोज यात्रा करते हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष भूपेश पटेल ने बताया डीजल के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पार्ट्स व उपकरण के दाम में भी 40 फीसदी से अधिक का इजाफा हुआ है। बावजूद किराए में वृद्धि नहीं की जा रही है। प्रदेश में डीजल, आइल, टायर, टैक्स, पार्ट्स के दाम बढ़ गए। बस मालिकों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वे कई माह से प्रदेश सरकार से किराए में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। इस कारण बस संचालकों को अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है।
फरवरी में सरकार ने दिया था आश्वासन
एसोसिएशन ने किराए में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 17 फरवरी को सांकेतिक हड़ताल की थी। परिवहन आयुक्त और सचिव ने बस मालिकों के साथ बैठक कर एक माह में किराया बढ़ाने का आश्वासन दिया था। दो माह बाद भी निर्णय नहीं हुआ।