सीटी स्कैन में फ्रैक्चर, तीन आरोपियों को भेजा जेल
करताना चौकी के तजपुरा में गेहूं पंजीयन को लेकर दो पक्षों में विवाद और इसके बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष के घायल व्यक्ति के सिर में सिटी स्कैन में फ्रैक्चर आने पर पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाकर तीन आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया गांव के एक किसान की 25 एकड़ में से 15 सत्यनारायण व 10 एकड़ आशीष राजपूत के परिवार ने खोट से ली थी। सत्यनारायण के परिजन अपनी उपज पंजीयन कराकर बेच चुके थे। 4 अप्रैल को आशीष व उसके परिजन जब पंजीयन के लिए गए तो समिति ने कहा इस खाते पर गेहूं बेच जा चुका है। इससे विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। आशीष राजपूत, मनीष राजपूत, जगदीश राजपूत ने सत्यनारायण के साथ मारपीट की। इससे सत्यनारायण के सिर में गंभीर चोटें आईं। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रैफर कर दिया। इसी मामले में सुधा बाई की शिकायत पर सुरेंद्र, शेरसिंह, नरेंद्र व भगवानदास व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।
धारा बढ़ी तो पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने बताया सत्यनारायण को इंदौर रैफर किया था। जहां सिर में गंभीर चोटें होने से सीटी स्कैन किया। इसमें गंभीर फ्रैक्चर आने की डॉक्टर ने पुष्टि की। डॉक्टर ने रिपोर्ट में चोट को जाने के लिए खतरा बताया। मेडिकल रिपोर्ट आने पर पुलिस ने इस मामले में धारा 307 बढ़ाई। करताना पुलिस ने शुक्रवार को आशीष राजपूत, जगदीश राजपूत व कुंवर सिंह को गिरफ्तार कर टिमरनी कोर्ट में जेएमएफसी अतुल बिल्लोरे के सामने पेश किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश होने पर जेल भेज दिया।