वनग्राम कायदा में था शिविर गैरहाजिर डीपीसी को शोकॉज
हरदा। शिविर में जानकारी लेते कलेक्टर अनय द्विवेदी।
भास्कर संवाददाता| हरदा
वनग्राम कायदा में शुक्रवार को हितग्राही संपर्क शिविर लगा। इसमें कलेक्टर अनय द्विवेदी ने सरकारी योजनाओं और उनके लाभ के संबंध में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। शिविर में गैर हाजिर रहे सर्व शिक्षा अभियान के डीपीसी डॉ. रमाशंकर तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
कलेक्टर ने महिला बाल विकास अधिकारी ललित डेहरिया से आसपास की चार आंगनबाडिय़ों में जाकर देखने, लोगों से बातचीत करने और पोषण आहार वितरण की रिपोर्ट व फोटो सोमवार तक भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने दीनदयाल चलित अस्पताल के जरिए वनवासियों की स्वास्थ्य जांच के अनुसार दवा वितरित कराई।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से पूछा गांव में शिक्षक आते हैं कि नहीं, मध्यान्ह भोजन मिलता है या नहीं, आंगनबाड़ियों में पोषण आहार और टेक होम राशन मिलता है या नहीं, समय पर टीकाकरण व पेयजल और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की जानकारी ली।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजनाओं की प्रगति, मजदूरों को समय पर भुगतान होने, पशुओं का समय पर टीकाकरण होने, राशन दुकान से खाद्यान्न मिलने और गैस एजेंसी के वितरक द्वारा राशन दुकान के सेल्समेन की मांग अनुसार रिफिल उपलब्ध कराने की जानकारी ली। कलेक्टर कायदा के हाईस्कूल पहुंचे। यहां विद्यार्थियों से पढ़ाई एवं शिक्षकों के आने-जाने के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान एसपी डीएस भदौरिया भी साथ थे।